कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की 18वीं बैठक आयोजित
जलालगढ़ कृषि विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की 18वीं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मखाना की खेती को बढ़ावा देने और प्राकृतिक खेती मार्गदर्शिका का विमोचन किया गया। किसानों को बेहतर तकनीक और प्रशिक्षण प्रदान करने पर चर्चा हुई। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के विभिन्न अधिकारी और किसान प्रतिनिधि शामिल हुए।

जलालगढ़, एक संवाददाता। कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की 18वीं बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभागार में उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। बैठक में जिले के कृषि एवं संबद्ध विभागों के पदाधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसानों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में कृषि क्षेत्र के विकास, किसानों की तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. के. एम. सिंह ने केंद्र की विशेष उपलब्धियों एवं प्रगति प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रक्षेत्र परीक्षण, अग्रिम पंक्ति प्रत्यक्षण, प्रशिक्षण कार्यक्रम, वार्षिक कार्ययोजना, बीज एवं पौध उत्पादन के साथ केंद्र की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर भागलपुर के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. आर.के. सोहने ने की। डॉ. अमरेंद्र कुमार, प्रमुख वैज्ञानिक, अटारी पटना भी आभासी माध्यम से बैठक में जुड़े。
मखाना की खेती को बढ़ावा देने पर चर्चा:
बैठक में जिले की प्रमुख कृषि गतिविधियों में शामिल मखाना की खेती पर विशेष चर्चा हुई। मखाना के खेती क्षेत्र को बढ़ाने तथा किसानों को बेहतर तकनीक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। किसानों के लिए मखाना की कटाई और प्रसंस्करण में उपयोग होने वाली मशीनों की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि आधुनिक तकनीक एवं मशीनों के उपयोग से मखाना की खेती और प्रसंस्करण में किसानों की मेहनत कम करने के साथ उत्पादन एवं मूल्यवर्धन को बढ़ावा दिया जा सकता है। किसानों को प्रशिक्षण के माध्यम से स्वीट कॉर्न और बेबी कॉर्न की खेती के लिए प्रेरित करने तथा तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई।
प्राकृतिक खेती मार्गदर्शिका का विमोचन:
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से प्रकाशित प्राकृतिक खेती मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती की तकनीक, इसके महत्व तथा किसानों तक इसके व्यावहारिक पहलुओं को पहुंचाने पर चर्चा की गई। बैठक में गव्य विकास से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। पशुपालकों के लिए चारा फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा बेहतर चारा उपलब्ध कराने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा धान की बुवाई के नए तरीकों को अपनाने और किसानों को इसके लिए तकनीकी सुझाव देने पर भी चर्चा की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और कर्मी रहे उपस्थित:
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. गोविंद कुमार, डॉ. संगीता मेहता, डॉ. आतिश सागर, डॉ. राबिया परवीन, डॉ. संतोष कुमार, अनामिका कुमारी सहित कर्मी संजय कुमार, अजीत चौधरी, डॉ. तपन गोराई, अग्रणी बैंक प्रबंधक दिनेश कुमार दिनकर, जिला मत्स्य पदाधिकारी डॉ. शशि रंजन, जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. राहुल कुमार, उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण शहजाद आलम, जिला गव्य विकास पदाधिकारी डॉ. शिवनारायण सिंह, शिवाजी झा, संत कुमार, मनीष कुमार, चंद्रदीप, शशि भूषण सिंह, कार्तिक किशोर, आशा देवी, दीपा देवी एवं रावे के छात्र मौजूद थे।

