पुनौरा धाम: अयोध्या की तर्ज पर होगी सीतामढ़ी की टाउन प्लानिंग, 5 स्टार होटल भी बनेगा
मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम में अयोध्या की तर्ज पर सीता मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। अब सीतामढ़ी की टाउन प्लानिंग भी अयोध्या की तरह की जाएगी। बिहार सरकार इस पर काम कर रही है।
बिहार के सीतामढ़ी में मां जानकी जन्मभूमि पुनौरा धाम में मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब अयोध्या की तर्ज पर सीतामढ़ी की टाउन प्लानिंग की दिशा में काम शुरू होगा। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा नगर विकास विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाई जाएगी। सीतामढ़ी में एक 5 स्टार होटल भी बनेगा। इसके लिए जमीन चिह्नित की जाएगी।
पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के अनुसार, बिहार सरकार अयोध्या की तरह धार्मिक पर्यटन को प्रमुखता देते हुए सीतामढ़ी और आसपास के इलाकों में नागरिक सुविधाओं का विकास करेगी। इससे सीतामढ़ी सहित उत्तर बिहार में धार्मिक पर्यटन का नया आयाम मिलेगा। उन्होंने बताया कि विभागीय बैठक में पुनौरा धाम विकास योजना की समीक्षा की गई है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, पुनौरा धाम विकास योजना सीतामढ़ी में माता सीता की जन्मस्थली को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसमें 882.87 करोड़ की लागत से भव्य जानकी मंदिर, परिक्रमा पथ, सीता वाटिका और आधुनिक सुविधाओं (थ्री डी शो, पार्किंग, आवास) के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र बनाना शामिल है।
इससे पुनौरा धाम धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगी। इस राशि में मंदिर के नवीनीकरण के लिए 137 करोड़ रुपये और पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 728 करोड़ रुपये शामिल हैं। मंदिर का निर्माण 42 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है।
होटल के लिए भूमि चिह्नित होगी
सीतामढ़ी में 5 स्टार होटल के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्णय लिया गया है। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी मोड) के तहत संचालित किया जाएगा। वहीं, यात्री निवास एवं अन्य नगरीय सुविधाओं का विकास किया जाएगा। सीतामढ़ी में व्यावसायिक क्षेत्र के विस्तार से आसपास के इलाके में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और सीतामढ़ी की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत होगी।





