
यूट्यूब पर वीडियो देख ऑपरेशन किया, महिला की मौत; क्लीनिक बंद कर झोलाछाप डॉक्टर फरार
आरोप है कि डॉक्टर ने एक महिला और एक पुरुष सहयोगी के साथ यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर ऑपरेशन कर दिया। क्लीनिक में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में ऑपरेशन किया गया, जिसके दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौत हो गई।
भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकचारी गांव में झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक पर गर्भवती महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई, जबकि नवजात शिशु सुरक्षित बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर ऑपरेशन किया, इस वजह से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने क्लीनिक के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर रसलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ग्रामीण डॉक्टर फरार है।
मृतक स्वाति देवी की ससुराल झारखंड के गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के मोढिया गांव में है। महिला का पति विक्रम कुमार है जो मजदूरी करता है। गर्भावस्था के दौरान महिला अपने मायके खड़हरा में रह रही थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को श्रीमठ स्थित ग्रामीण डॉक्टर के क्लीनिक पर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए कहा और परिजनों से सहमति ली। आरोप है कि डॉक्टर ने एक महिला और एक पुरुष सहयोगी के साथ यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर ऑपरेशन कर दिया। क्लीनिक में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में ऑपरेशन किया गया, जिसके दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौत हो गई। इसके बाद चिकित्सक ने महिला को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के लिए 30 हजार रुपये की मांग की गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त क्लीनिक को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामले को लेकर प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रसलपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि एकचारी गांव में झोलाछाप डॉक्टर के यहां उपचार के दौरान प्रसूता की मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस पहुंच मृतका को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार है। एफएसएल की टीम को सूचना दी गईं है। मृतक के परिवार के द्वारा अब तक आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन दिए जाने के आलोक में कार्रवाई की जाएगी।





