
गर्भवती पत्नी की गला रेतकर हत्या, छत से कूदकर भाग गया पति; जमुई में मर्डर से सनसनी
जमुई जिले के गिद्धौर में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर की छत से कूदकर फरार हो गया।
बिहार के जमुई जिले से पति द्वारा पत्नी की निर्मम हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगरा पंचायत अंतर्गत गांधी आश्रम में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की पिटाई के बाद धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। आरोपी इसके बाद छत से कूदकर घर से फरार हो गया।
मृतका की पहचान गांधी आश्रम निवासी मानो रावत की 25 वर्षीय पुत्रवधु सरिता देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पड़ोसियों की मानें तो सरिता देवी और उसके पति शुभम कुमार के बीच महीनों से आपसी विवाद चल रहा था। आरोपी शुभम कुमार के पिता मानो रावत एवं उसकी मां ने बताया कि हर रोज की तरह बुधवार को भी पति-पत्नी दोनों में झगड़ा हुआ। लगभग शाम 4 बजे शुभम ने पत्नी सरिता को कमरे में बंद कर दिया।
फिर पति ने मारपीट करते हुए धारदार हथियार से पत्नी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। जब तक घर वालों को कुछ समझ आता तब तक शुभम छत से कूदकर फरार हो गया।
मृतका के भाई एवं जमुई थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी सागर कुमार ने बताया कि 2022 में उसकी बहन सरिता देवी का विवाह गांधी आश्रम निवासी शुभम कुमार से हुआ था। इस दौरान सरिता को एक साल का एक बेटा भी है। पिछले कई महीनों से शुभम कुमार अपनी पत्नी से मारपीट करता था।
थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पति द्वारा पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर देने की बात सामने आ रही है। शव को कब्जे में लेकर परिजन से पूछताछ की जा रही है।





