बांकीपुर में जीविका दीदी और पैरामिलिट्री की ड्यूटी ना लगे, प्रशांत किशोर की जन सुराज ने कर दी मांग

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Prashant Kishor Bankipur: जन सुराज पार्टी ने चुनाव आयोग से बांकीपुर सीट के बूथ पर जीविका दीदियों और अर्द्धसैनिक बलों की ड्यूटी नहीं लगाने की मांग की है। पार्टी के नेता प्रशांत किशोर यहां से जीवन का पहला चुनाव लड़ रहे हैं।

Prashant Kishor Bankipur

Prashant Kishor Bankipur: जन सुराज पार्टी (जेएसपी) ने बांकीपुर विधानसभा सीट के चुनाव से जीविका दीदियों और अर्द्धसैनिक बलों को दूर रखने की मांग की है। एक तरह से जन सुराज पार्टी चाहती है कि बांकीपुर उप-चुनाव में बिहार पुलिस की तैनाती हो, जो सीधे तौर पर राज्य सरकार के अधीन है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बांकीपुर से अपने जीवन का पहला चुनाव लड़ रहे हैं। तीन दशक से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कब्जे में चल रही बांकीपुर सीट को भाजपा से छीनने के लिए मैदान में उतरे प्रशांत किशोर की पार्टी ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पोस्टर-बैनर को लेकर भी शिकायत की गई है। चार सूत्री मांग पत्र में प्रशांत किशोर के फोटो वाले आपत्तिजनक पोस्टर-बैनर पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी ने प्रशासनिक पक्षपात की आशंका को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग से मांग की है कि बांकीपुर के सारे 422 मतदान केंद्रों के अंदर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती ना की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नवंबर के चुनाव में बूथ पर तैनात जीविका दीदियों ने मतदाताओं को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया था, इसलिए आयोग से ये मांग भी की गई है कि बूथ पर जीविका दीदियों की ड्यूटी ना लगाई जाए। मतदान से पहले जीविका दीदियों के समूहों को ध्यान में रखकर ही राज्य सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई थी, जिसमें 10 हजार रुपये की नकद सहायता चुनाव से पहले दी गई थी। इन महिलाओं को रोजगार बढ़ाने के लिए 2 लाख तक की सहायता सरकार दे सकती है।

क्या बांकीपुर में प्रशांत किशोर के स्कूल बैग पर संकट है? जन सुराज ने सिंबल पर PC बुलाई

मनोज भारती ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि प्रशांत किशोर की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करके भ्रामक और आपत्तिनजक पोस्टर-बैनर बांकीपुर में लगाए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से इस पर कार्रवाई करने की मांग की है। भारती ने चुनाव आयोग से कहा है कि बांकीपुर में जिन घरों पर वहां रहने वालों की सहमति से जन सुराज पार्टी के झंडे-बैनर लगाए गए हैं, उन्हें भाजपा के कार्यकर्ता व नेता पटना नगर निगम की कार्रवाई के नाम पर हटाकर अपने झंडे लगा रहे हैं। जन सुराज पार्टी के एक दफ्तर को पुलिस द्वारा बंद करवाने का भी आरोप भारती ने लगाया है।

बांकीपुर उपचुनाव: लालू, नीतीश, उपेंद्र समेत 25 मैदान में; वोटर, सुरक्षा, ईवीएम और अन्य डिटेल

बांकीपुर में प्रशांत किशोर के अलावा दो दर्जन कैंडिडेट चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता के अलावा अन्य उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के द्वारा खाली की गई इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान है। 3 जुलाई को मतगणना के साथ रिजल्ट आ जाएगा।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।