टीचरों को सातवां वेतनमान नहीं दिला सका तो वोट मांगने नहीं आउंगा, बिहार MLC चुनाव से पहले प्रशांत किशोर का वादा

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, मुजफ्फरपुर
share

बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर हलचल तेज है। इस बीच जनसुराज के सूत्रधआर प्रशांत किशोर ने कहा है कि एमएलसी चुनाव में जीत पर शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाएंगे। यदि ऐसा नहीं कर सके तो वोट मांगने नहीं आएंगे।

जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)

बिहार की 8 एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इस बीच जनसुराज के सूत्रधार विधायक प्रशांत किशोर ने एक औऱ बड़ा वादा किया है। बुधवार को पीके तिरहुत शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवारों डॉ. विमोहन कुमार और श्यामनंदन यादव के नामांकन में मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। उन्होंने यहां कहा कि एमएलसी चुनाव में जीत पर शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाएंगे। यदि ऐसा नहीं कर सके तो वोट मांगने नहीं आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में 10 हजार रुपये देकर लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं को खरीदने का प्रयास किया गया। अब जनता को यह बताना है कि जाग चुकी है और उसके सामने नया विकल्प मौजूद है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि यह सरकार बनाने या हटाने का नहीं, बल्कि सरकार को जवाबदेह बनाने और उसके गलत कार्यक्रमों पर अंकुश लगाने का चुनाव है। उन्होंने जीतने पर तिरहुत में बेरोजगारी और पलायन की समस्या से जूझ रहे स्नातक युवाओं के लिए 10 हजार रोजगार उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना जरूरी है, ताकि उन्हें नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. विमोहन ने मतदाताओं से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि वे चुनाव जीतने हैं तो युवाओं के लिए रोजगार के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा की बेहतर सेवाओं के लिए काम करेंगे। जनसुराज की नेत्री विनीता विजय ने भी संबोधित किया। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि बिहार में लोग बाढ़ से त्रस्त हैं। बड़ी आबादी बाढ़ से घिरी हुई है, लेकिन प्रधानमंत्री ने सहानुभूति का एक ट्वीट तक नहीं किया।

खुला खाता, दूसरे दिन दो नामांकन

तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन के दूसरे दिन बुधवार तक जहां दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया, वहीं अब तक 20 भावी उम्मीदवारों ने नाजिर रसीद कटाई है। दूसरे दिन नामांकन करने वाले दोनों उम्मीदवार जनसुराज के हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए जन सुराज से डॉ. विमोहन ने पर्चा दाखिल किया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के लिए श्यामनंदन कुमार यादव ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, नामांकन दाखिल करने के लिए अब तक कुल 20 नाजिर रसीद कटी है। इसमें शिक्षक निर्वाचन के लिए संजय कुमार सिंह, नरेंद्र प्रसाद सिंह, भूषण कुमार झा, प्रेम कुमार, कृष्णनंदन त्रिवेदी, अभय नाथ सिंह, कुमारी रूपम व पूर्णिमा मिश्रा के नााम शामिल हैं। वहीं, स्नातक निर्वाचन के लिए रसीद कटाने वालों में वंशीधर ब्रजवासी, विनोद कुमार शर्मा, अभिषेक झा, रविकृष्ण रश्मि, प्रणय कुमार, राहुल कुमार, बासकीत कुमार शर्मा, अवधेश कुमार सिंह व शिवेश कुणाल सिंह के नाम शामिल हैं।

करोड़पति हैं जनसुराज के दोनों उम्मीदवार

मुजफ्फरपुर। जन सुराज से तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्र भरने वाले दोनों ही उम्मीदवार करोड़पति हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार विमोहन की कुल संपत्ति लगभग पांच करोड़ की बताई गई है। वहीं श्यामनंदन कुमार यादव की संपत्ति 4.35 करोड़ बताई गई है। नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र में दोनों ही उम्मीदवारों ने जो ब्योरा दिया है, उसके अनुसार दोनों प्रत्याशी गहनों के भी शौकीन हैं। स्नातक उम्मीवार विमोहन के पास जहां पांच लाख के गहने हैं, वहीं शिक्षक उम्मीदवार श्यामनंदन यादव के पास सात लाख के गहने हैं। श्यामनंदन के पास एक राइफल व एक पिस्टल भी है। शपथ पत्र में बताया गया है कि दोनों ही उम्मीदवारों पर अलग-अलग 4 मामले दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई चल रही है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsटीचरों को सातवां वेतनमान नहीं दिला सका तो वोट मांगने नहीं आउंगा, पीके का वादा