प्रशांत किशोर को आ ही गया कोर्ट का बुलावा, अशोक चौधरी वाले मानहानि केस में पेश होने का आदेश

Sep 24, 2025 05:00 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

भाजपा और जदयू के नेताओं पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे प्रशांत किशोर को पटना सीजेएम कोर्ट ने 17 अक्टूबर को बुला लिया है। जेडीयू मंत्री अशोक चौधरी ने बेटी शांभवी को पैसे पर लोकसभा का टिकट दिलाने के आरोप को लेकर पीके पर मानहानि का केस किया था।

प्रशांत किशोर को आ ही गया कोर्ट का बुलावा, अशोक चौधरी वाले मानहानि केस में पेश होने का आदेश

बिहार का राजनीति में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पांच बड़े नेताओं सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय, अशोक चौधरी, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल पर अलग-अलग तरह के आरोप लगाकर हलचल मचा रहे जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के नेता प्रशांत किशोर को पटना कोर्ट से बुलावा आ गया है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मंत्री अशोक चौधरी ने जून महीने में पीके पर मानहानि का जो केस किया था, उसमें मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट ने प्रशांत किशोर को 17 अक्टूबर को पेश होने का आदेश दिया है।

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया था कि अशोक चौधरी ने पैसा देकर बेटी शांभवी चौधरी के लिए चिराग पासवान के दल लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) से लोकसभा चुनाव में टिकट खरीदा, जिसके बाद वो समस्तीपुर से सांसद बनीं। अशोक चौधरी ने इस बयान को लेकर प्रशांत को पहले मानहानि का नोटिस भेजा था और बाद में इसको लेकर पटना कोर्ट में मानहानि का केस दायर कर दिया था। प्रशांत किशोर पर ये पहला मानहानि का केस था। कल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद संजय जायसवाल ने भी एक डिफेमेशन केस कर दिया है।

प्रशांत किशोर पर जवाबी हमला: अशोक चौधरी ने नोटिस भेजा, संजय जायसवाल ने कर दिया केस

प्रशांत किशोर ने पिछले शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय, अशोक चौधरी, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल को लेकर नए आरोप लगाए थे। पीके ने अशोक चौधरी पर शांभवी की सगाई से शादी के बीच में पटना में 38 करोड़ की पांच जमीन खरीदने और दो साल में 200 करोड़ की बेनामी संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया था। जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पार्टी की तरफ से चौधरी को इस आरोप पर सफाई देने कहा है।

प्रशांत किशोर ने अब अशोक चौधरी पर 200 करोड़ का बम फोड़ा, शांभवी के पति और सास को भी लपेटा

प्रशांत किशोर ने बेनामी संपत्ति जुटाने के आरोप में अशोक की पत्नी नीता चौधरी, बेटी शांभवी चौधरी, दामाद सायन कुणाल और समधन अनिता कुणाल को भी लपेट लिया है। अशोक चौधरी ने ताजा आरोप को लेकर प्रशांत किशोर को 100 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है। चौधरी ने कहा है कि प्रशांत किशोर की बातें सरासर झूठ है। उन्होंने कहा कि शांभवी ने अपनी वैधानिक आय एवं संसाधनों से जमीन खरीदी थी, जो चुनावी शपथ पत्र में है। चौधरी ने कहा कि उनकी पत्नी नीता और समधन अनिता के बीच बैंकिंग लेन-देन की बात भी गलत है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।