
NEET छात्रा मौत मामले में पटना SSP से मिले प्रशांत किशोर; पीड़िता के परिजन भी मौजूद रहे, जानें क्या कहा
जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने जहानाबाद पीड़िता की मौत मामले में न्याय की मांग को लेकर पटना में एसएसपी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि SIT गठन से शुरुआती जांच में चूक साफ है। साथ ही प्रदर्शन के बाद दर्ज FIR में मानवीय व्यवहार की अपील की। SSP ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जहानाबाद की पीड़िता और नीट छात्रा की मौत मामले में जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को पटना स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की। इस दौरान वे पीड़िता के परिजनों के साथ गांधी मैदान के पास स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच की मांग रखी। पीके ने कहा कि इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) का गठन होना इस बात का संकेत है कि शुरूआती जांच में चूक हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। प्रशांत किशोर ने अधिकारियों से मुलाकात के दौरान कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यदि शुरुआती जांच सही तरीके से की गई होती तो SIT के गठन की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच हो और जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस मुलाकात का एक उद्देश्य हाल ही में हुए प्रदर्शन के बाद जिन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करना भी था।
प्रशांत किशोर ने एसएसपी से अपील की कि कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्दोष लोगों पर अनावश्यक कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ संवेदनशील और मानवीय रवैया अपनाया जाना चाहिए। पीके ने कहा कि जनसुराज पीड़िता के परिवार के साथ खड़ा है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि मामले की जांच किसी भी दबाव से मुक्त होकर हो।
वहीं, एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले में कानून के अनुसार समुचित कार्रवाई की जाएगी और जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रखा जाएगा। साथ ही, प्राथमिकी दर्ज लोगों के मामलों में भी संवेदनशीलता के साथ कानूनी प्रक्रिया अपनाने का भरोसा दिलाया गया।





