कभी बोगस वोट, कभी करोड़ों रुपये खर्च; प्रशांत किशोर ने BJP को भी चुनाव आयोग दौड़ा दिया

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार की बांकीपुर सीट के उप-चुनाव के दौरान राजनीति में एक बदलाव दिखा, जब केंद्र और राज्य में सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी कई बार जन सुराज पार्टी और प्रशांत किशोर की शिकायत करने चुनाव अधिकारियों के पास गई।

Prashant Kishor Patna Police
पटना के जक्कनपुर थाने में बुधवार की रात पुलिस अफसर से बहस करते प्रशांत किशोर। जन सुराज पार्टी ने चुनाव से पहले अपने 20 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का दावा किया था।

लोकसभा और विधानसभा के चुनावों में विपक्षी दलों के नेता लगातार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ चुनाव आयोग और निर्वाचन विभाग के अफसरों से शिकायत करते दिखते थे। लेकिन, बांकीपुर सीट के उप-चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (जेएसपी) ने भाजपा नेताओं को चुनाव आयोग से लेकर रिटर्निंग अफसर तक खूब दौड़ाया। शिकायत में ये बदलाव अहम है। कभी भाजपा ने प्रशांत किशोर पर बांकीपुर में करोड़ों रुपये खर्च करने का आरोप लगाया तो कभी फर्जी वोटिंग करवाने का आरोप लगाकर मतदाता पहचान पत्र का वोटर से मिलान करने के बाद ही वोट देने की गारंटी करने कहा। भाजपा से सीट छीनने के लिए जन सुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। बीजेपी के कैंडिडेट नीरज सिन्हा हैं।

भाजपा ने प्रशांत किशोर के खिलाफ चुनाव आयोग में सबसे पहली शिकायत चुनाव में करोड़ों रुपये खर्च करने के आरोप के साथ की। पार्टी की तरफ से शाहनवाज हुसैन को यह आरोप लगाने के लिए उतारा गया, जिन्होंने थर्ड पार्टी कंपनियों के जरिए चुनाव में पैसा बहाने की शिकायत की। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार की तरफ से भाजपा कैंडिडेट नीरज सिन्हा को वोट देने की अपील का वीडियो संदेश आया तो प्रशांत ने उसे फेक बता दिया। इसकी शिकायत करने जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार थाना पहुंच गए और प्राथमिकी भी दर्ज करा दी। भाजपा ने आज जन सुराज पर फर्जी और बोगस वोट डलवाने का आरोप लगाया और इसे रोकने के लिए वोटर कार्ड की कड़ाई से जांच की मांग अधिकारियों से की। मजेदार ये रहा कि प्रशांत किशोर ने भी बीजेपी की इस मांग का स्वागत किया।

प्रशांत किशोर के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची भाजपा, कहा- बांकीपुर में जन सुराज ने करोड़ों खर्च किए

प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी ने भी चुनाव आयोग से कुछ शिकायत, कुछ मांग की। जन सुराज पुलिस पर भाजपा के इशारे पर कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगातार ही लगा रही है। प्रशांत ने बांकीपुर में जीविका दीदी और पैरा मिलिट्री फोर्स नहीं लगाने की मांग की थी। मतदान से पहले वाली रात जन सुराज के 20 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का दावा करते हुए प्रशांत ने बुधवार की रात जक्कनपुर थाना में बवाल कर दिया। थानेदार से प्रशांत की बहस का वीडियो अब वायरल है। प्रशांत ने आज भी मतदान के दौरान पुलिस पर जन सुराज के बूथ एजेंट को परेशान करने और भाजपा की मदद करने का आरोप लगाया है।

चुनाव आयोग को प्रशांत किशोर का 24 घंटे का अल्टीमेटम; बांकीपुर को ले सरकार पर गंभीर आरोप

बांकीपुर में गुरुवार को मतदान के दौरान एक और नई चीज दिखी। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता शांति से वोट करते-करवाते रहे। कहीं भी राजद के लोग भाजपा या जन सुराज से बहस और विवाद करते नहीं दिखे। किसी बवाल में राजद का नाम नहीं आया। किदवईपुरी से मीठापुर तक जो बहस और झड़प हुई, सब भाजपा और जन सुराज के बीच हुई। सुबह सबसे पहले मीठापुर में भाजपा और जन सुराज वाले भिड़े। पीछे से प्रशांत भी पहुंचे, लेकिन तब सब शांत हो गया था। फिर किदवईपुरी में झड़प हुए। एएन कॉलेज पर दोनों के कार्यकर्ता ऐसा उलझे कि प्रशांत को वहां भी पहुंचना पड़ा।

बांकीपुर में मतदान से पहले रात में तेजस्वी यादव ने धन्यवाद कहा, सरकार को या पुलिस को?

भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रो. केसी सिन्हा समेत जन सुराज के कई नेताओं को बारी-बारी से तोड़कर पार्टी में शामिल कर लिया। ऐसे माहौल में तेज प्रताप यादव ने प्रशांत किशोर को समर्थन दे दिया, जिनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल की कैंडिडेट वीणा मानवी का पर्चा रद्द हो गया और उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार भी कर लिया गया।

प्रशांत किशोर से भिड़ गया SHO- मेरे थाने में हमको ही धमकी, हम वर्दी उतार दिए तो… Video वायरल है

पटना पुलिस के लिए राहत की बात ये रही कि भाजपा और जन सुराज के बीच इतने तनाव के बाद भी मतदान के दौरान कोई वारदात नहीं हुई और यह कमोबेश शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। शाम 6 बजे तक मतदान प्रतिशत 34.30 फीसदी पर पहुंचा है। इस समय तक पोलिंग बूथ पर पहुंच गए लोग वोट कर सकते हैं, इसलिए इस नंबर में कुछ और इजाफा हो सकता है। बांकीपुर में नवंबर 2025 के चुनाव में 41.1 परसेंट वोटिंग हुई थी। यह विधानसभा क्षेत्र हमेशा से कम मतदान के लिए जाना जाता है। 2020 में 35.92 फीसदी, 2015 में 40.25 फीसदी और 2010 में 36.82 परसेंट वोट पड़े थे। पहले पटना पश्चिम रही सीट परिसीमन के बाद 2010 में बांकीपुर बन गई थी। यहां अब तक के चुनाव में यह सबसे कम वोट है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsकभी बोगस वोट, कभी करोड़ों खर्च; प्रशांत किशोर ने BJP को भी चुनाव आयोग दौड़ा दिया