प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी पहुंची चुनाव आयोग, बिहार MLC इलेक्शन में बताए डुप्लीकेट वोटर
बिहार एमएससी चुनाव की वोटर लिस्ट में डुप्लीकेट मतदाता होने की शिकायत लेकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के पास पहुंच गई। पार्टी ने वोटर लिस्ट बनाने की प्रक्रिया पर भी बदलने की मांग की।

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी बिहार विधान परिषद की 8 एमएलसी सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले इलेक्शन कमीशन के पास पहुंच गई है। पीके की पार्टी ने चुनाव आयोग से एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत की है। जन सुराज का दावा है कि वोटर लिस्ट में कई डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हैं। अकेले तिरहुत स्नातक सीट पर 1668 वोटर डुप्लीकेट हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट में विसंगतियों को ठीक करने का आश्वासन दिया है।
मनोज भारती के नेतृत्व में शुक्रवार को जन सुराज के प्रतिधिमंडल ने बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि एमएलसी चुनाव की जो वोटर लिस्ट निकली है, उसमें कई गड़बड़ियां हैं। उसमें सुधार की मांग की गई है।
चुनाव आयोग ने कहा- फाइनल वोटर लिस्ट आना अभी बाकी
जन सुराज ने कहा कि डुप्लीकेट वोटरों को हटाया जाए। पार्टी ने इसकी पूरी सूची कथित सबूतों के साथ आयोग को पेश की। इसके बाद आयोग की ओर से कहा गया कि चुनाव की घोषणा तक वोटर लिस्ट में संशोधन चलता रहेगा। सभी गड़बड़ियों को दूर कर दिया जाएगा। इसके बाद ही फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी।
वोटर लिस्ट बनाने की प्रक्रिया बदलने की मांग
जन सुराज पार्टी ने चुनाव आयोग के सामने विधान परिषद चुनाव की वोटर लिस्ट बनाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। पार्टी ने मांग की है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान जिस तरह मतदाता सूची बनाई जाती है, उसी तरह से एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट भी बननी चाहिए। प्रशांत किशोर की पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि वह अपनी मतदाता सूची में से ही शिक्षक और स्नातक वोटरों को छांटकर नई लिस्ट तैयार करे।
जन सुराज प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी इस मांग पर तकनीकी कारणों का हवाला दिया है। आयोग का कहना है कि वोटर लिस्ट बनाने की प्रक्रिया को बदलने के लिए कानून में परिवर्तन करना होगा। यह उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
8 सीटों पर होने हैं एमएलसी चुनाव
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों का कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म होने जा रहा है। इनमें से 4 स्नातक और 4 शिक्षक कोटे की हैं। इन पर चुनाव की घोषणा जल्द ही होने वाली है। प्रशांत किशोर की जन सुराज सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है।
जिन एमएलसी सीटों पर चुनाव होने वाले हैं, उनमें पटना शिक्षक, पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, दरभंगा शिक्षक, कोसी स्नातक, तिरहतु स्नातक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
स्नातक सीट पर ग्रेजुएट मतदाता वोट डालते हैं। वहीं, शिक्षक कोटे की सीटों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के टीचर वोट डालते हैं। इसकी वोटर लिस्ट अलग से बनाई जाती है।


