फ्रांस से पढ़ाई, 100 करोड़ के मालिक; BJP का गढ़ ढहाने वाले प्रशांत किशोर की विधानसभा में एंट्री

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Prashant Kishor Property Assets Affidavit: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में एंट्री करने वाले हैं। प्रशांत की पत्नी डॉक्टर जाह्नवी दास के पास भी 100 करोड़ से ऊपर की जायदाद है।

Prashan Kishor

Prashant Kishor Property Assets Affidavit: फ्रांस के कॉलेज से डिग्री हासिल करने वाले और 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक प्रशांत किशोर ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के गढ़ बांकीपुर में जीत हासिल कर बिहार विधानसभा में अपनी और जन सुराज पार्टी की एंट्री का रास्ता साफ कर दिया है। 49 वर्षीय प्रशांत किशोर ने अपने चुनावी हलफनामे में न सिर्फ अपने निजी जीवन का ब्योरा दिया है, बल्कि अपनी पत्नी जाह्नवी दास और बेटे दैविक वर्धवाज की संपत्ति का भी खुलासा किया है। रोहतास जिले के कोनार गांव से ताल्लुक रखने वाले चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा चुनाव जीतकर सियासी पंडितों को हैरान कर दिया है। आइये जानते हैं कि उनका परिवार कितने करोड़ का मालिक है।

प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी डॉक्टर जाह्नवी दास के पास 198 करोड़ की संपत्ति

प्रशांत किशोर और उनकी डॉक्टर पत्नी जाह्नवी दास के पास मिलाकर 198 करोड़ रुपये की संपत्ति है। प्रशांत किशोर के पास अपने नाम पर 22.19 करोड़ की चल, 73.87 करोड़ की अचल संपत्ति है, जो कुल मिलाकर 96.07 करोड़ बनती है। उन पर 5.77 करोड़ का कर्ज भी है। वहीं प्रशांत की पत्नी डॉक्टर जाह्नवी दास के पास 89.51 करोड़ की चल, 12.42 करोड़ की अचल कुल 101.93 करोड़ की संपत्ति है। जाह्नवी दास पर भी 55 लाख का लोन है। प्रशांत किशोर ने शपथ पत्र में बताया है कि वित्त वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक उन्होंने 4.45 करोड़ का आयकर और 5.58 करोड़ रुपये का जीएसटी भी भरा है।

वेदहास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से प्रशांत किशोर की कंपनी है

प्रशांत किशोर ने एफिडेविट में बताया कि उनके पास वेदहास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी में 100 फीसदी कंट्रोलिंग शेयर है। उन्होंने शपथ पत्र में यह भी साफ किया है कि इस कंपनी ने 2024-25 में जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख चंदा दिया था। इसी कंपनी ने साल 2023-24 में जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन को 2.75 करोड़ रुपये का चंदा दिया था।

घर छोड़कर सारी संपत्ति जन सुराज को दान, प्रशांत किशोर का 90 फीसदी कमाई भी देने का ऐलान

प्रशांत ने बाकीपुर भाजपा का चक्रव्यूह तोड़ा

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल कर जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनौती को ध्वस्त करते हुए उनके चक्रव्यूह को तोड़ दिया है। पीके ने प्रतिष्ठा की इस लड़ाई में जातीय समीकरणों को तोड़ते हुए भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19324 मतों से परास्त कर बिहार में बदलती हुई एक नई राजनीति के संकेत दिए। प्रशांत किशोर को 64117 मत मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 44827 मतों से संतोष करना पड़ा। पिछले चुनाव में करीब 46 हजार मत पाने वाली राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता 14273 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रही।

अभिषेक बंटी ने 24 घंटे में मैदान क्यों छोड़ा? अब नीरज सिन्हा को बांकीपुर लड़ाएगी भाजपा

अन्य उम्मीदवारों में प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव को 973, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के तनवीर आलम को 864, भारतीय आम अवाम पार्टी के प्रदीप कुमार को 781, भारतीय जवान किसान पार्टी के बैजनाथ प्रसाद को 383, निर्दलीय उम्मीदवार अनिल दास को 311 तथा निर्दलीय सिकंदर कुमार को 264 मत मिले।

प्रशांत किशोर की 3 साल की कमाई 241 करोड़, जन सुराज पार्टी को चंदा में 98 करोड़ दान कर दिया

किशोर की जीत को उनकी पार्टी से बाहर के कई नेताओं ने भी 'भाजपा के अहंकार के लिए सबक' करार दिया। इनमें जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव तथा भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हैं। भाकपा (माले) लिबरेशन विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की सहयोगी पार्टी है। तीस जुलाई को हुए मतदान से पहले कई दिनों तक प्रशांत किशोर और भाजपा की ओर से जोरदार चुनाव प्रचार किया गया था। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाए और इस संबंध में निर्वाचन आयोग का भी रुख किया।

Prashant Kishor Nomination Wife Jahnvi Das
Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Bankipur Election Result LIVE, Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।