
जन सुराज के कैंडिडेट किडनैप नहीं; प्रशांत किशोर ने अमित शाह संग फोटो दिखाकर लगाए गंभीर आरोप
संक्षेप: प्र किशोर ने बीजेपी पर जन सुराज के उम्मीदवारों को डराने, फुसलाने और गुमराह करने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने कहा कि यह लोकतंत्र की सरेआम हत्या हो रही है।
Bihar Election 2025: पटना में आज हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के कई उम्मीदवारों को डराकर, फुसलाकर और यहां तक कि गृह मंत्री अमित शाह ने अपने साथ बैठाया, ताकि वे चुनाव मैदान से हट जाएं या नामांकन ही न कर सकें।

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी के तीन घोषित प्रत्याशियों को या तो नामांकन दाखिल नहीं करने दिया गया या उनसे वापस लेने के लिए मजबूर किया गया। दानापुर सीट का जिक्र करते हुए पीके ने तस्वीर दिखाते हुए कहा, “वहां बड़े बाहुबली अपराधी रीत लाल यादव जेल में हैं, जिसका फायदा बीजेपी उठा रही है। इस बार जनता के पास जन सुराज जैसा विकल्प था। हमारे उम्मीदवार अखिलेश उर्फ मुटुर शाह निर्वाचन कार्यालय तक नहीं पहुंच सके। ऐसी अफवाह उड़ी की राजद के रीत लाल यादव ने उन्हें अगवा कर लिया, मगर वह अगवा नहीं हुए बल्कि नामांकन के दिन गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठे हुए थे।” पीके ने आरोप लगाया कि उनके उम्मीदवार को गृहमंत्री का रसूख दिखाकर बहलाया गया और पूरे दिन बैठा कर रखा गया ताकी वह नामांकन नहीं कर सकें।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में बीजेपी ने ऐसी छवि बना ली है कि चुनाव कोई भी जीते, सरकार वही बनाते हैं। किशोर ने आरोप लगाया कि बिहार में इस बार भी बीजेपी ने डर और भ्रम का माहौल खड़ा किया है।
उन्होंने कहा, “बीजेपी जनता को महागठबंधन का डर दिखाकर वोट मांग रही है। कहती है कि अगर हमें वोट नहीं दिया तो लालू का जंगलराज लौट आएगा। लेकिन असल में जो सबसे ज्यादा डरा हुआ है, वो खुद बीजेपी है।”
तीन जन सुराज उम्मीदवारों को दबाव में हटना पड़ा: पीके
प्रशांत किशोर ने खुलासा किया कि पिछले चार-पांच दिनों में जन सुराज के तीन घोषित उम्मीदवारों को धमकाकर नामांकन वापस करवाया गया है। उन्होंने कहा, “चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही बीजेपी की घबराहट दिखने लगी। हमारे उम्मीदवारों को या तो घरों में कैद कर दिया गया या डराया गया।”
खरीद लो जितने उम्मीदवार, जन सुराज नहीं झुकेगा: प्रशांत किशोर
किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी या एनडीए को हराने तक पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने साफ कहा, “खरीद लो जितने उम्मीदवार, धमका लो जितनों को धमका सकते हो, घर में बंद कर दो जितनों को करना है… लेकिन जन सुराज पीछे नहीं हटेगा। ये चुनाव पूरी ताकत से लड़ा जाएगा और नतीजे 14 नवंबर को सब कुछ साफ कर देंगे।”
महागठबंधन नहीं, अच्छे लोगों से डरती है बीजेपी; बोले प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी को महागठबंधन से कोई खतरा नहीं है क्योंकि वो जानते हैं कि उनके खिलाफ कोई ताकतवर नेता खड़ा नहीं है। उन्होंने कहा, “बीजेपी को अच्छे और ईमानदार लोगों से डर लगता है। इसलिए वो जन सुराज से घबराए हुए हैं। जनता को गुमराह कर रही है कि जंगलराज लौट आएगा, लेकिन असल में डर उन्हें है कि सच्चे लोग राजनीति में जगह बना लेंगे।”





