बिहार के जहानाबाद में तेज रफ्तार पुलिस की गाड़ी ने बच्ची को उड़ाया, मौत के बाद बवाल
इघर सड़क जाम के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने सावन बिगहा के रहने वाले एक अपाचे बाइक पर सवार होकर सड़क पार करने की जुगत करने पर उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया गया जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया।

बिहार के जहानाबाद जिले में एक सड़क हादसे के बाद लोगों ने जमकर बवाल मचाया। यहां परस विगहा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बिगहा गांव के समीप रविवार की दोपहर करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार पुलिस वाहन की टक्कर से पांच वर्षीया मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर पहुंची पुलिस जीप पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान एक पुलिस गार्ड के हल्के रूप से घायल होने की भी सूचना है।
मृतक बच्ची की पहचान गया जिले के अमझर गांव निवासी सिंटू मांझी की पुत्री नंदनी कुमारी (5 वर्ष) के रूप में की गई है जो अपने ननिहाल पहाड़ी बिगहा गांव आई हुई थी। घटना के संबंध में परिजनों व ग्रामीणों का कहना है कि बच्ची नंदनी खेलने जाने के क्रम में गांव के समीप सड़क पार कर रही थी तभी तेज रफ्तार से गुजर रही पुलिस वाहन ने उसे टक्कर मार दी। ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शकूराबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश फैल गया।
जाम के दौरान बाइक सवारों को पीटा
इघर सड़क जाम के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने सावन बिगहा के रहने वाले एक अपाचे बाइक पर सवार होकर सड़क पार करने की जुगत करने पर उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिया गया जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। सूचना पाकर एएसपी मनोज पांडेय, एसडीएम राजीव रंजन सिन्हा, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी सहित कई थानों के थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं भारी संख्या में पुलिस केंद्र से पुलिस बल के पहुंचने के बाद आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि पीड़ित परिवार गरीब हैं।
लोग मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वरीय पदाधिकारियों के काफी समझाने और प्रावधान के तहत मुआवजा देने व जांचोपरांत दोषी पर कार्रवाई का आश्वाशन दिए जाने के बाद ग्रामीण माने और करीब ढाई घंटे के बाद शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेजा गया। सड़क जाम समाप्त होने के बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। इधर पूछे जाने पर थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भारती ने बताया कि घटना के संबंध में अभी आवेदन नहीं मिला है। आवेदन लिया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी मनोज पांडेय ने कहा कि परसबिगहा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बिगहा गांव के पास रविवार को हुए हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव रंजन सिन्हा, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व में कई थानों के थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं भारी संख्या में पुलिस केंद्र से पुलिस बल के पहुंचने के बाद आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझा कर शांत कर दिया गया। परसबिगहा व शकुराबाद थाने की पुलिस को रात भर वहां स्टैंड करने को कहा गया है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।


