
रेस्टोरेंट में बैठे भाई-बहन से पुलिस की बदसलूकी; वीडियो हुआ वायरल, एसओ को शोकॉज
कटिहार जिले के रेस्टोरेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक से पुलिस बदसलूकी करती दिख रही है। इस मामले में एसओ बारसोई को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।
बिहार के कटिहार जिले में रेस्टोरेंट में बैठे भाई-बहन के साथ पुलिस की बदसलूकी का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित यश अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर की शाम हम लोग बारसोई के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। वहीं बारसोई एसओ पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। हम लोगों से बदसलूकी की। वहीं इस मामले पर पुलिस की तरफ प्रेस रिलीज कर बताया गया कि मामला संज्ञान आने के बाद एसओ को शोकॉज दिया गया है। जिसका जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी देते हुए डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि बारसोई थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि प्रखंड के नगर पंचायत स्थित रासचौक के पास एक रेस्टोरेंट मे कुछ असामाजिक तत्व आए हुए हैं। जिसकी जांच के लिए एसओ रामचंद्र मंडल अपने दलबल के साथ रेस्टोरेंट गए थे। जांच के दौरान पूछताछ की गई जिसमें एसओ और वहां बैठे लोगों के साथ कहासुनी हो गई। इस मामले में बारसोई थानाध्यक्ष से शोकॉज किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वरीय पदाधिकारी को पत्र प्रेषित किया जाएगी तथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि यश अग्रवाल अपनी बहन और अन्य के साथ रेस्टोरेंट में बैठा है। इस दौरान एसओ उनसे पूछते हैं, कि ये कौन है। जिसका जवाब देते हुए यश बताता है कि बहन है। इसी बात पर थानाध्यक्ष रामचंद्र भड़क जाते हैं। कहते हैं कि इतना जोर देकर क्यों बोल रहे हो। तुम्हारे बोलने का लहजा ठीक नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच नोक-झोंक हो जाती है। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।





