
ईसीजी करने के दौरान निजी अंगों को छूने लगा, PMCH में महिला से छेड़छाड़; गार्ड पर भी संगीन आरोप
जांच के बाद डाक्टरों ने उसे ईसीजी करवाने को कहा। युवती का आरोप है कि ईसीजी करने के दौरान ड्यूटी पर मौजूद अविनाश कुमार नाम के कर्मी ने जांच के बहाने उसके निजी अंगों को छुआ। कई बार ऐसा करने पर पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाया।
पीएमसीएच में इलाज कराने गई 20 वर्षीय युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। युवती ने इलाज के दौरान कर्मियों पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो गार्ड ने भी उसके और उसके परिजनों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। सालिमपुर अहराक्षेत्र की युवती ने इस संबंध में पीरबहोर थाने में शिकायत दी है। प्रभारी थानेदार ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के सालिमपुर अहरा निवासी क्षेत्र की युवती सांस लेने में परेशानी होने पर परिजनों के साथ शुक्रवार की आधी रात इलाज के लिए पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड गई थी।
जांच के बाद डाक्टरों ने उसे ईसीजी करवाने को कहा। युवती का आरोप है कि ईसीजी करने के दौरान ड्यूटी पर मौजूद अविनाश कुमार नाम के कर्मी ने जांच के बहाने उसके निजी अंगों को छुआ। कई बार ऐसा करने पर पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन पहुंच और हंगामा करने लगे। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल के गार्ड भी वहां पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि गार्ड ने उनके साथ ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
जिसके बाद युवती के परिजनों ने घटना की सूचना फोन कर डायल 112 को दी। उधर, मौका देख आरोपित अस्पताल कर्मी फरार हो गया। बाद में इस संबंध में पीड़िता ने पीरबहोर थाना में लिखित शिकायत दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस अस्पताल में उस वक्त मौजूद कर्मी, गार्ड और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करेगी। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जाएगा। फिर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं इस बाबत पक्ष लेने के लिए पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. आईएस ठाकुर से फोन पर संपर्क करने की कोशिश गई पर बात नहीं हो पाई।





