
जमीन लिखवाने वाले कभी नौकरी नहीं देंगे; निवेशक नाम सुनकर भाग जाएंगे; बिहार में बोले मोदी
Modi Begusarai LIVE: नरेंद्र मोदी ने बिहार में प्रचार की शुरुआत कर दी है। उन्होंने समस्तीपुर और बेगूसराय में एनडीए कैंडिडेट के लिए वोट मांगा। मोदी ने भाषण में कर्पूरी ठाकुर, शारदा सिन्हा और सीताराम केसरी को भी याद किया।
Modi Begusarai LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। मोदी ने समस्तीपुर और बेगूसराय में दो रैलियों को संबोधित किया। मोदी ने नारा दिया कि नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार। मोदी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि ये लोग जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि चुरा रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस और राजद के नेता राहुल और तेजस्वी को जननायक कहने लगे हैं। मोदी ने राजद के जंगलराज की याद दिलाई और एनडीए सरकार के कामकाज का ब्यौरा देते हुए फिर से एनडीए सरकार बनाने की अपील की।

Modi Begusarai LIVE: भाषण के बाद पीएम मोदी ने बेगूसराय और पड़ोसी जिलों से आए एनडीए के कैंडिडेट्स के साथ हाथ उठाकर लोगों से उन्हें जिताने की अपील की।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने कहा कि एनडीए की विजय का नया रिकॉर्ड बने, इस लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ना है। आप जब घर-घर जाएं तो बताना कि मोदी जी बेगूसराय आए थे और मोदी जी ने सबको छठ महापर्व की शुभकामनाएं भेजी हैं।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने 6 नवंबर को बेगूसराय में मतदान का जिक्र किया और सभा में मौजूद लोगों से उनकी बात घर-घर पहुंचाने और एनडीए सरकार बनाने की अपील की।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक को संसद में विपक्षी दलों के द्वारा फाड़ने की याद दिलाई और कहा कि राजद और कांग्रेस को कोई रास्ता नहीं देना है।
Modi Begusarai LIVE: पीएम ने कहा कि उनका लक्ष्य तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने की है। उन्होंने सीएम महिला रोजगार योजना की तारीफ की, जिसे कुछ समय पहले ही नीतीश ने शुरू किया है।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी के अपमान की याद दिलाते हुए उनकी पुण्यतिथि पर केसरी को याद किया। सीताराम केसरी बिहार के गर्व थे। इस परिवार ने केसरी को उनके बाथरूम में बंद कर दिया। उनको उठाकर फेंक दिया और उनके पास जो अध्यक्ष पद था, इस परिवार ने उस अध्यक्ष पद की चोरी कर ली।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि वो गरीबी में रहे हैं इसलिए जब उनको मौका मिला है तो देश से गरीबी को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। 11 साल में एनडीए सरकार ने 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवार को पक्का घर दिया, जिसमें 60 लाख बिहार के लोगों को मिला है। हर गरीब का चूल्हा जलता रहे, इसलिए मोदी मुफ्त अनाज देता है। मुफ्त इलाज देता है। यह सम्मान के साथ जीवन जीने के लिए है।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने समस्तीपुर की तरह बेगूसराय में भी लोगों से मोबाइल फोन निकालकर लाइट जलाने कहा और फिर कहा कि जब लाइट है तो लालटेन की क्या जरूरत है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में मोबाइल फोन बनाने की सिर्फ दो फैक्ट्री थी, आज 200 से ज्यादा फैक्ट्रियां हैं। मोबाइल फोन सस्ता हुआ है। डेटा भी सस्ता हुआ है। युवाओं को कंटेंट बनाने का नया मार्केट मिला है।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को याद रखना है कि राजद और कांग्रेस का नाम सुनकर ही निवेशक भाग जाते हैं। जो नौकरी के नाम पर जमीन लिखवाते हैं वो नौजवानों को कभी नौकरी नहीं देंगे।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि 50 लाख रोजगार का मौका बना है बिहार में। आने वाले पांच सालों में इससे भी अधिक रोजगार बने, ये संकल्प लेकर एनडीए चल रहा है।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने कहा कि बेगूसराय अब टेक्स्टाइल हब बनेगा। यहां बड़े-बड़े शोरूम खुल रहे हैं।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि बरौनी रिफाइनरी में हजारों करोड़ का निवेश किया और यहां अब पेट्रोकेमिकल्स प्लांट बन रहा है। इससे छोटे उद्योग लगेंगे। रोजगार मिलेगा।
Modi Begusarai LIVE: उन्होंने कहा कि बरौनी का खाद कारखाना जंगलराज में बंद हो गया था। इसके लिए गैस की जरूरत थी, गैस बिहार में नहीं थी। हमने गैस लाने की योजना बनाई। पश्चिम बंगाल से बिहार के लिए पाइपलाइन बिछाई ताकि नौजवानों को रोजगार मिल सके और किसानों को खाद मिल सके।
Modi Begusarai LIVE: पीएम ने कहा कि एनडीए सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब ओद्योगिकरण होगा तो नौकरियां भी आएंगी।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने कहा कि जंगलराज ने फैक्ट्रियां बंद की। बेगूसराय, बरौनी को पीछे धकेल दिया। राजद ने बिहार को पलायन का अभिशाम दिया।
Modi Begusarai LIVE: उन्होंने लालू यादव के परिवार को सबसे भ्रष्ट बताया।
Modi Begusarai LIVE: राजद पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इन लोगों ने जेएमएम को पटक दिया। लेफ्ट के दल को लटका दिया। एआईएमआईएम को झटक दिया।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने महागठबंधन में एक-दूसरे की खाल खींचने का आरोप लगाया और कहा कि ये महालठबंधन है। इसमें झटक दल है, लटक दल है, पटक दल है।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने जंगलराज को सुशासन में बदला और अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है।
Modi Begusarai LIVE: मोदी ने जनसभा में आई महिलाओं को देखते हुए कहा कि छठ पर्व के एक दिन पहले इतनी बड़ी संख्या में माता-बहनों का आना उनकी बहुत शक्ति दी है।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने जनसभा में आए लोगों से फिर एक बार, एनडीए सरकार के नारे लगवाए और कहा कि सुशासन की सरकार बनेगी।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी ने छठ पर्व और दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा को याद करके अपने भाषण की शुरुआत की।
Modi Begusarai LIVE: बेगूसराय में पीएम मोदी का भाषण शुरू हो गया है। उन्होंने स्थानीय बोली में लोगों का अभिवादन किया और हाल-चाल पूछा।
Modi Begusarai LIVE: पीएम मोदी की दूसरी चुनावी रैली बेगूसराय के हवाई अड्डा मैदान में है। रैली में लोगों का पहुंचना जारी है। मंच पर नेताओं का भाषण चल रहा है और जिले की सात सीटों के एनडीए उम्मीदवार मंच पर मौजूद हैं। पीएम समस्तीपुर से हेलिकॉप्टर से बेगूसराय आ रहे हैं। संभावना है कि दोपहर 2 बजे के आसपास पीएम मोदी के साथ-साथ नीतीश कुमार और गठबंधन के दूसरे बड़े नेता यहां आ जाएंगे।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की बहुत प्रशंसा हो रही है। बिहार की 1 करोड़ 20 लाख बहनों ने 10 हजार रुपये की शुरुआती मदद से अनेक काम शुरू कर दिया है। बिहार की बहनें कह रही हैं कि उन्हें यहीं नहीं रुकना है, वो अपने छोटे से उद्यम को सफल बनाने में जुटी हैं। 14 नवंबर के बाद जब फिर से एनडीए सरकार बनेगी, बिहार की लाखों बहनों को रोजगार बढ़ाने के लिए और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की आर्थिक मदद का इशारा करते हुए कहा कि अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा आपको मिलता रहे तो एनडीए सरकार जरूरी है।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने छोटे किसानों के लिए बैंकों के दरवाजे खोलने की चर्चा की। पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को मिल रही मदद की याद भी दिलाई। राज्य के किसानों को 28 हजार करोड़ से ज्यादा मिला है। समस्तीपुर के किसानों को भी 800 करोड़ मिला है। सब खाते में जमा हुआ है। जंगलराज वालों की सरकार होती तो आपके पैसे आपके खाते तक पहुंच पाते क्या।
Modi Samastipur LIVE: पीएम ने इंटरनेट सेवा और मोबाइल डेटा के सस्ता होने का जिक्र किया और कहा कि इसका फायदा नौजवानों ने उठाया है।
Modi Samastipur LIVE: मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से मोबाइल फोन की लाइट जलाने के लिए कहा और जब लोगों ने लाइट जलाई तो कहा कि जब हर हाथ में लाइट है तो किसी को भी लालटेन नहीं चाहिए।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में बिहार को जितना पैसा मिला था, उससे तीन गुना ज्यादा पैसा भाजपा, एनडीए की सरकार ने बिहार के विकास के लिए दिया है। जब तीन गुना पैसा आएगा तो विकास भी तीन गुना ज्यादा होगा। समस्तीपुर से पूर्णिया के लिए सिक्स लेन हाइवे बन रहा है। नई रेल लाइनें बन रही हैं, वंदे भारत जैसी ट्रेनें चल रही हैं, बिहार में बिजली के नए-नए कारखाने लग रहे हैं।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान राजद धमकाती थी कांग्रेस को कि अगर बिहार में नीतीश की बात मानी, बड़े प्रोजेक्ट दिए तो समर्थन वापस ले लेंगे। कांग्रेस और राजद ने बिहार का बहुत नुकसान किया।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को जनमानस से मिली जननायक की उपाधि को लेकर राहुल गांधी या तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि ये हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं। और जो जमानत पर है वो चोरी के मामले में जमानत पर है। इनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी बाबू का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।
Modi Samastipur LIVE: मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों के हितों को प्राथमिकता दी है। उनकी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। भाजपा और एनडीए ने ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को भी 10 साल के लिए और आगे बढ़ाया।
Modi Samastipur LIVE: मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की सरकार ने बिहार का विकास किया है।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में जीत के अब तक के सारे रिकॉर्ड टूटेगा।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन मेरे जीवन का महत्वपूर्ण दिवस है। यहां आने से पहले मैं कर्पूरी ग्राम गया था, वहां मुझे भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करने का अवसर मिला। ये उनका आशीर्वाद है कि आज हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवारों से निकले लोग इस मंच पर खड़े हैं।
Modi Samastipur LIVE: पीएम मोदी ने कहा लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बन चुका है और पूरा बिहार कह रहा है- फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार, जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार।





