
पैसे ही नहीं हैं..., पीएम आवास योजना के 8 लाख लाभुकों का भुगतान अटका; नीतीश के मंत्री ने लिखा खत
पत्र में कहा गया है कि राशि नहीं रहने के कारण निर्धारित स्तर पर आवास का निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों को अगली किस्त को भुगतान नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में तीन लाख 88 हजार का द्वितीय किस्त और चार लाख 20 हजार का तृतीय किस्त का भुगतान रुका हुआ है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में बिहार के आठ लाख से अधिक लाभुकों के किस्तों का भुगतान रुका हुआ है। योजना के राज्य नोडल खाते में राशि नहीं रहने के कारण यह नौबत आयी है। इसको लेकर केंद्र सरकार के राशि जारी करने का आग्रह ग्रामीण विकास विभाग ने किया है। 31 मार्च, 2026 तक पुरानी व्यवस्था में राशि जारी करने की स्वीकृति दी जाये।
नई सरकार के गठन के बाद ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि राशि नहीं रहने के कारण निर्धारित स्तर पर आवास का निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों को अगली किस्त को भुगतान नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में तीन लाख 88 हजार का द्वितीय किस्त और चार लाख 20 हजार का तृतीय किस्त का भुगतान रुका हुआ है।
मंत्री ने पत्र में कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जुलाई, 2025 में अचानक केंद्र सरकार ने कहा कि एसएनए स्पर्श माड्यूल के तहत राशि जारी की जाएगी। पूर्व से इसकी कोई जानकारी नहीं दिये जाने के कारण वित्त विभाग के द्वारा इसकी तैयारी नहीं की जा सकी है।इसलिए पुरानी व्यवस्था के तहत मार्च तक राशि जारी करने की मंजूरी दी जाये।
इस वर्ष 12 लाख 21 हजार मकान बनाने का लक्ष्य
उक्त योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 को मिलाकर राज्य को 12 लाख 21 हजार मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 11 लाख 35 हजार परिवारों का प्रथम किस्त, सात लाख 47 हजार को द्वितीय तथा तीन लाख 26 हजार को तृतीय किस्त का भुगतान किया गया है। तीन किस्तों में कुल एक लाख 20 हजार रुपये हर लाभुक परिवार को पक्का मकान बनाने के लिए दिये जाते हैं।





