पटना में रेप के बाद नाबालिग नौकरानी के मर्डर से बवाल, आगजनी और सड़क जाम; पुलिस से भिड़े लोग

Nov 26, 2024 06:41 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share

गुस्साए लोगों ने घर में घुसकर लाठी डंडे से वार कर दानिश को घायल कर दिया। बाद में लोगों ने नोहसा मोड़ पर शव को रखकर हंगामा शुरू कर दिया। वहां सड़क जाम कर लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

पटना में रेप के बाद नाबालिग नौकरानी के मर्डर से बवाल, आगजनी और सड़क जाम; पुलिस से भिड़े लोग

बिहार की राजधानी पटना से सटे फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के नोहसा में दुष्कर्म के बाद 17 वर्षीय नाबालिग नौकरानी की हत्या कर दी गई। उसका शव घर मालिक के बाथरूम में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर आगजनी और उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को शांत करने गए पुलिस कर्मियों के साथ धक्कामुक्की की और कई वाहनों के शीशे तोड़े दिए। वरीय अधिकारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। उधर पुलिस ने आरोपित मकान मालिक दानिश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। सिटी एसपी वेस्ट शरथ आरएस ने बताया कि पुलिस ने दुष्कर्म व हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि नौकरानी की हत्या कैसे और किन परिस्थिति में हुई। 17 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ नोहसा निवासी मोहम्मद दानिश के घर पर काम करने जाती थी। मां के बीमार होने के कारण सोमवार की सुबह वह अकेले काम पर गई थी। देर शाम तक जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नौकरानी की छोटी बहन कुछ लोगों के साथ दानिश के घर पर पहुंच गई। घर की तलाशी के दौरान किशोरी बाथरूम में मृत पड़ी मिली।

शव अर्धनग्न हालत में था। जिसके बाद परिवार वालों ने दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाते हुए घर में मौजूद मालिक दानिश और उसकी बहन पर हमला शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने घर में घुसकर लाठी डंडे से वार कर दानिश को घायल कर दिया। बाद में लोगों ने नोहसा मोड़ पर शव को रखकर हंगामा शुरू कर दिया। वहां सड़क जाम कर लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

हंगामा बढ़ने पर सिटी एसपी वेस्ट, दानापुर एएसपी, फुलवारी डीएसपी, सदर अनुमंडल एसडीएम सहित फुलवारी शरीफ, बेऊर, नौबतपुर सहित छह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने में जुट गई। आगजनी और प्रदर्शन के कारण चार घंटे तक मुख्य सड़क पर जाम लगा रहा। स्थानीय विधायक गोपाल रविदास और पुलिस के प्रयास से देर रात को सड़क से जाम हटाया गया

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।