
5 करोड़ दो, नहीं तो दीपक महतो की तरह मारे जाओगे; पटना में बिल्डर से मांगी रंगदारी
पटना के दानापुर के एक बिल्डर से फोन पर बदमाश ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है। फोन करने वाले ने खुद को लाली सिंह बताते हुए कहा कि अगर रकम नहीं दी तो दीपक महतो की तरह गोली मारकर उनकी हत्या कर दी जाएगी।
बिहार के पटना जिले के दानापुर में रियल एस्टेट कंपनी जेनएक्स इंफ्रा होम्स प्राइवेट लिमिटेड के बिल्डर अनुपम कुमार से बदमाश ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये नहीं देने पर बदमाशों ने उन्हें हत्या की धमकी दी है। बिल्डर ने 6 दिसंबर को रूपसपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि बदमाश ने उन्हें कॉल कर रकम नहीं देने पर दीपक महतो की तरह हत्या करने की धमकी दी।
बिल्डर अनुपम रूपसपुर के जलालपुर सिटी में रहते हैं। 4 दिसंबर की रात उनके मोबाइल पर कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद का नाम लाली सिंह उर्फ वेद निधि बताते हुए पूछा था कि वह शाहपुर के विवेक से रूपसपुर नहर पर कोई जमीन खरीद रहे हैं। उन्होंने हां में जवाब दिया। इसके बाद बदमाश ने 5 करोड़ की रंगदारी मांगी।
रंगदारी देने से मना करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्हें कहा गया कि जिस तरह से दीपक महतो की हत्या उसके घर समीप हुई थी। उसी तरह तुम्हारी और जमीन मालिक विवेक की भी हत्या कर दी जाएगी। बदमाश ने उनके सामने प्रस्ताव रखा कि या तो वे जमीन खरीदने से पहले 5 करोड़ रुपये उसे दें, या फिर जमीन उसके नाम करा दें। थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार ने बताया कि पीड़ित ने लाली सिंह उर्फ वेद निधि को नामजद कराया है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है।





