
पवन सिंह के खिलाफ आक्रोश मार्च, काराकाट में वोट के लिए पत्नी को घुमाकर छोड़ने का आरोप
Pawan Singh News: वक्ताओं ने कहा कि सबसे पहले तो पवन सिंह ने काराकाट लोकसभा चुनाव के समय अपनी पत्नी को वोट के लिए समाज में घुमाकर इस्तेमाल किया। जैसे ही चुनाव संपन्न हुआ कि उसने पत्नी को त्याग दिया।
Pawan Singh News: बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किए जाने के बाद सियासी गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। इस बीच भोजपुरी गायक और हाल ही में भाजपा में शामिल पवन सिंह के विरोध में रोहतास जिले के डेहरी मेंस्थानीय लोगों ने सोमवार को आक्रोश मार्च निकाला। वहीं डेहरी थाना चौक पर जनसुराज नेता समीर कुमार के नेतृत्व में विरोध किया गया। यहां पत्नी ज्योति सिंह के समर्थन व पवन सिंह के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में कुंवर राणा सामाजिक कल्याण संस्थान के पदाधिकारी व सदस्य भी शामिल थे। इस दौरान ज्योति सिंह के सम्मान में, आमलोग मैदान में, ज्योति सिंह का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान आदि नारे लगाये गए।

वक्ताओं ने कहा कि सबसे पहले तो पवन सिंह ने काराकाट लोकसभा चुनाव के समय अपनी पत्नी को वोट के लिए समाज में घुमाकर इस्तेमाल किया। जैसे ही चुनाव संपन्न हुआ कि उसने पत्नी को त्याग दिया। हाल ही में पवन ने काराकाट लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के खिलाफ वोट लेकर क्षेत्र की जनता का अपमान किया व उनके नेताओं के चरण में लोट गये। जिससे पूरा काराकाट लोकसभा क्षेत्र शर्मिंदा है।
कुंवर राणा सामाजिक कल्याण संस्थान के संयोजक राजन राज ने कहा कि पूरा समाज ज्योति सिंह के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। जब तक उनको न्याय नहीं मिलता व अपनी गलती के माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ देश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। मौके पर अम्बुज सिंह, डिम्पल सिंह राठौर, विक्की सिंह, धर्मवीर सिंह, वरुण सिंह, सफल सिंह, रंगजी सिंह, विवेक सिंह आदि थे।
पवन सिंह के घर आई थीं पत्नी ज्योति सिंह
आपको बता दें कि रविवार को पवन सिंह एक बार फिर उस समय विवादों में घिर गए थे जब उनकी पत्नी ज्योति सिंह उनसे मिलने के लिए लखनऊ स्थित अंसल गोल्फ सिटी पहुंचीं। मुलाकात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। ज्योति सिंह ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर यह जानकारी दे चुकी थीं कि वह अपने पति से मिलने लखनऊ आ रही हैं। रविवार को उनके पहुंचते ही अपार्टमेंट परिसर के बाहर हलचल मच गई थी। उन्होंने गेट पर खड़े होकर कहा था कि जब तक पति से मुलाकात नहीं होगी, तब तक वह लौटेंगी नहीं। इससे मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई थी और हालात तनावपूर्ण हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक जब पवन सिंह को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने सुरक्षा कारणों से पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों के बीच बातचीत नहीं हो सकी और अपार्टमेंट परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। ज्योति सिंह ने एक वीडियो में कहा था कि वो अपने पति से मिलने आई हैं इसलिए पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर रही है।
पवन सिंह ने दी सफाई
इस घटना के बाद पवन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सफाई भी दी थी। पवन सिंह ने कहा था, 'मैं अपने जीवन में एक हीं बात जानता हूं कि जनता मेरे लिए भगवान है। क्या मैं आप सब के जनभावना को ठेस पहुंचाऊंगा, जिनके बदौलत मैं यहां तक पहुंचा।
ज्योति सिंह जी क्या यह सच नहीं है कि कल सुबह आप मेरे सोसाइटी में आईं तो मैंने सम्मान आपको अपने घर में बुलाया और करीब डेढ़ घंटे हमलोगों की वार्तालाप हुई। आपके द्वारा बस एक ही रट कि मुझे चुनाव लड़वाइये कैसे भी, जो कि मेरे बस का नहीं।
समाज में भ्रम फैलाया गया कि मैंने पुलिस बुलाया, जबकि सच्चाई यह है कि पुलिस सुबह से वहां इसलिए मौजूद थी ताकि जो भी हो उनकी उपस्थिति में हो, कहीं भी आपके साथ आए लोगों द्वारा या किसी और के द्वारा कोई अनहोनी ना हो।'





