पवन सिंह बने माननीय, निशांत और सुनील सिंह समेत 10 एमएलसी ने ली विधान परिषद की शपथ
बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों का बुधवार को पटना में शपथ ग्रहण पूरा हुआ। भोजपुरी स्टार पवन सिंह और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत एनडीए के 9 और आरजेडी के एक सदस्य ने शपथ ली।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह अब माननीय बन गए हैं। उन्होंने बुधवार को बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में औपचारिक रूप से शपथ ले ली। पटना स्थित विधान मंडल परिसर में बुधवार शाम को नवनिर्वाचित 10 एमएलसी का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस दौरान पवन सिंह, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत अन्य नेताओं ने विधान परिषद सदस्य की शपथ ली। सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।
सबसे पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के ललन प्रसाद ने विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके बाद अन्य नेताओं का नंबर आया। ललन प्रसाद, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खाली की हुई सीट से एमएलसी चुने गए हैं। नीतीश ने मार्च 2026 में राज्यसभा सांसद बनने के बाद विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
निशांत चौथे, तो पवन सिंह की पांचवें नंबर पर शपथ
विधान मंडल परिसर में आयोजित नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण का क्रम इस प्रकार रहा- सबसे पहले ललन प्रसाद शपथ लेने मंच पर आए। इसके बाद भाजपा के अनिल ठाकुर, उनके बाद लोजपा (रामविलास) के अशरफ अंसारी, फिर चौथे नंबर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और उनके ठीक बाद पांचवें नंबर पर पवन सिंह शपथ लेने मंच पर पहुंचे। निशांत और पवन, दोनों पहली बार सदन पहुंचे हैं।
इसके बाद तीनों नवनिर्वाचित महिला एमएलसी का शपथ ग्रहण हुआ। जेडीयू की भारती मेहता छठे एवं शिवरानी देवी ने सातवें नंबर पर शपथ ली। इसके बाद भाजपा की महिला एमएलसी शीला प्रजापति का शपथ ग्रहण हुआ। उकने बाद भाजपा के संजय मयूख और सबसे आखिरी में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुनील कुमार सिंह की शपथ हुई।
पवन सिंह बोले- बिहार में फिल्म सिटी बने
भाजपा के नवनिर्वाचित एमएलसी पवन सिंह ने शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वह एक कलाकार हैं। वह चाहते हैं कि बिहार में फिल्म सिटी बने और नए कलाकारों को यहीं काम मिले। उन्हें रोजगार के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना पड़े।
सभी निर्विरोध जीते थे चुनाव, वोटिंग की नहीं आई नौबत
विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों में 9 एनडीए, तो एक महागठबंधन का है। सभी ने पिछले महीने निर्विरोध एमएलसी चुनाव जीता था। विधान परिषद की 9 सीटों पर द्विवार्षिक, जबकि एक सीट पर उपचुनाव हआ था। सभी सीटें विधानसभा कोटे की थी। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर 9 सीटों पर एनडीए और एक पर विपक्ष की जीत तय मानी जा रही थी।
सत्ताधारी गठबंधन से 9 और विपक्ष से एक ही उम्मीदवार उतारा गया, जिसके बाद वोटिंग की नौबत नहीं आई थी। सभी सदस्यों को 11 जून को निर्वाचित घोषित कर दिया गया था। 20 दिनों के बाद उनका शपथ ग्रहण कराया गया।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


