युवाओं को राजनीति में आने से बदलेगा माहौल : विजय कुमार चौधरी
बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राजनीति जनसेवा, धैर्य, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का मार्ग है। युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे माहौल बदलेगा। कुलपतियों ने युवाओं को ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम का विषय 'भारतीय लोकतंत्र में कॅरियर के रूप में राजनीति' था।

राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा, धैर्य, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का मार्ग है। युवा राजनीति को सकारात्मक दृष्टि से देखें और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। शिक्षित युवाओं के राजनीति में आने से माहौल बदलेगा। युवाओं में धैर्य जरूरी है। कॅरियर चुनते समय युवाओं को रुचि के साथ आजीविका के पहलू पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए। सजग नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करते हैं। ये बातें शनिवार को बिहार सरकार के जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क व भवन निर्माण मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहीं। वे बीडी कॉलेज की ओर से अधिवेशन भवन सभागार में द्वितीय भुवनेश्वरी दयाल स्मृति व्याख्यान में बोल रहे थे।
व्याख्यान का विषय ‘भारतीय लोकतंत्र में कॅरियर के रूप में राजनीति’था। मौके पर पाटलिपुत्र विवि के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह और मगध विवि के कुलपति शशि प्रताप शाही ने भी विचार व्यक्त किए। कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाना चाहिए। मगध विवि के कुलपति प्रो. एसपी शाही ने कहा कि युवाओं को राजनीति में आना चाहिए। लेकिन राजनीति में धैर्य के साथ समर्पण भाव के साथ काम करना चाहिए। आयोजन प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन डॉ. अमित कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनीता तिवारी ने किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


