बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर युवकों ने छात्र को पीटा
कदमकुआं थाना क्षेत्र में मौसेरी बहन के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवक की पिटाई कर दी गई। पीड़ित की आंख में चोट आई है। शिकायत पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घायल छात्र पटना...

कदमकुआं थाना क्षेत्र के नया टोला में मौसेरी बहन से छेड़खानी और फब्तियां कसने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ा। छेड़खानी करने से मना करने पर युवकों ने छात्र की जमकर पिटाई कर दी। इसमें पीड़ित की आंख में चोटें आई हैं। अमन की शिकायत पर कदमकुआं पुलिस ने नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मूल रूप से नालंदा निवासी घायल छात्र पटना कॉलेज से पत्रकारिता में स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। वह महेंद्रू में एक छात्रावास में रहता है। उसकी मौसेरी बहन नया टोला इलाके में कोचिंग पढ़ने जाती है। छात्रा के कोचिंग आने-जाने के दौरान पटेल छात्रावास के कुछ लड़के उसके साथ छेड़खानी करते थे और फब्तियां कसते थे। बीते 28 दिसंबर की रात पीड़ित युवक अपनी बहन के साथ एंग्लो सेंट्रल हाल के पास से गुजर रहा था। तभी पटना लॉ कालेज के छात्र ऋषभ पटेल के साथ पटेल छात्रावास के 8 लड़के छात्रा से छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर लड़कों ने भाई की पिटाई कर दी और फरार हो गए। जाते-जाते आरोपितों ने छात्र को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने घटना की शिकायत 29 दिसंबर को थाने में की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।