महिला आयोग की टीम पीएमसीएच पहुंची, आंतरिक कमेटी से जांच रिपोर्ट मांगी
महिला चिकित्सक की ओर से सीनियर पर दुर्व्यवहार और अपशब्द बोलने के आरोपों की जांच के लिए बुधवार को बिहार राज्य महिला आयोग की टीम पटना मेडिकल कॉलेज अस्पत

महिला चिकित्सक की ओर से सीनियर पर दुर्व्यवहार और अपशब्द बोलने के आरोपों की जांच के लिए बुधवार को बिहार राज्य महिला आयोग की टीम पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। पीएमसीएच अधीक्षक के साथ बैठक की। टीम ने सात सदस्यीय आंतरिक कमेटी के अलावा सर्जरी विभाग के चिकित्सकों से मिली और उनसे घटना के बाबत पूछताछ की। आयोग ने आंतरिक कमेटी को जल्द से जल्द जांच करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि महिला चिकित्सक ने आयोग के पास 29 मई को सर्जरी विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. सरफराज अहमद पर अभद्र व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणी, गर्दन पर हाथ रख कर धक्का देने और धमकी देने का आरोप लगाया था।
महिला चिकित्सक ने आयोग के दिये आवेदन में सीनियर पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। इसे लेकर बुधवार को आयोग की टीम स्थल निरीक्षण के लिए पीएमसीएच पहुंची, लेकिन सर्जरी विभाग के चिकित्सक डॉ. सरफराज अहमद एक सप्ताह से छुट्टी पर हैं। इसकी जानकारी आयोग को दी गयी। इसके बाद आयोग ने अस्पताल की ओर से गठित सात सदस्यीय आंतरिक जांच कमेटी के सदस्यों से मिली।- आंतरिक कमेटी की बैठक 10 को : आयोग के निर्देश के बाद अस्पताल की आंतरिक कमेटी की 10 जून को बैठक होगी। सात सदस्यीय कमेटी का नेतृत्व स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. गीता सिन्हा कर रही हैं। इस दौरान पीड़ित महिला चिकित्सक के अलावा सर्जरी विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. सरफराज अहमद से पूछताछ की जाएगी। बैठक में शामिल होने के लिए डॉ. सरफराज अहमद को सूचना दी जाएगी। महिला आयोग की ओर से मामले में 15 जून को आगे की कार्रवाई की जाएगी। तब तक महिला आयोग आंतरिक कमेटी की जांच रिपोर्ट का इंतजार करेगी। बता दें कि महिला चिकित्सक की ओर से इसकी शिकायत पटना मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह, पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह, बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा के साथ अनुसूचित जाति और जनजाति आयोग में भी शिकायत की है।---महिला आयोग की टीम आई थी। आंतरिक कमेटी के सदस्यों के साथ सर्जरी विभाग के सभी चिकित्सकों से मिली। कई घंटों तक टीम ने चिकित्सकों से पूछताछ की है।डॉ. राजीव कुमार सिंह, अधीक्षक, पीएमसीएच
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


