Ward-22 A Faces Severe Drainage and Road Issues in Developed Colonies शिवाजीनगर में आलीशान मकान पर जलनिकासी के लिए नाला नहीं, Patna Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsPatna NewsWard-22 A Faces Severe Drainage and Road Issues in Developed Colonies

शिवाजीनगर में आलीशान मकान पर जलनिकासी के लिए नाला नहीं

वार्ड-22 ए में शिवाजी नगर, फ्रेंड्स, गंगा विहार और लालू नगर जैसी कॉलोनियों में हाल के वर्षों में विकास हुआ है, लेकिन जल निकासी और सड़कें ठीक नहीं हैं। बारिश में कीचड़ से लोगों को परेशानी होती है। नगर...

Newswrap हिन्दुस्तान, पटनाMon, 3 March 2025 03:48 PM
share Share
Follow Us on
शिवाजीनगर में आलीशान मकान पर जलनिकासी के लिए नाला नहीं

नगर निगम के वार्ड-22 ए में शिवाजी नगर, फ्रेंड्स, गंगा विहार कॉलोनी और लालू नगर आदि कॉलोनियां हाल के वर्षों में विकसित हुई हैं, लेकिन इन मोहल्लों न तो जल निकासी की व्यवस्था है और न ही सड़कें ठीक हैं। आलीशान मकान जरूर बन गए हैं पर ज्यादातर इलाके में अब भी कच्ची सड़कें हैं, जो बरसात में लोगों के लिए अभिशाप बन जाती है। हर घर से नगर निगम होल्डिंग टैक्स भी लेता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। सड़कें सही नहीं हैं इसलिए यहां झाडू तक नहीं लगता। दीघा क्षेत्र में अशोक राजपथ से सटा यह इलाका काफी पिछड़ा है। अशोक राजपथ से शिवाजी, फ्रेंडस कॉलोनी और लालू नगर में चलने लायक सड़क तक नहीं है। अपने से लोगों ने कामचलाऊ सड़क बनाई है। कामचलाऊ सड़क इसलिए बनाई गई ताकि बरसात के दिनों में किसी तरह से घरों से निकल सकें। नाला तो कहीं भी नहीं है। लिहाजा अबतक जलनिकासी की व्यवस्था बनी ही नहीं। जो नये घर बन रहे हैं वह लोग जल निकासी की व्यवस्था अपने से कर रहे हैं। ज्यादातर जगहों पर घरों का पानी सड़कों पर ही गिर रहा है। कुछ ने सोख्ता बना रखा है, जो खाली प्लाट है उसी में बाकी घरों का पानी जमा होता है, लेकिन इससे मोहल्लों में मच्छरों प्रकोप भी बहुत ज्यादा है। नाला निर्माण के लिए वार्ड पार्षद की ओर से कई बार निगम को प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन अब तक काम शुरू भी नहीं हुआ है। इन मोहल्लों के आसपास पांच बड़े निजी स्कूल हैं। लिहाजा दूसरे जिलों के लोगों भी बड़ी तादाद में बच्चों की पढ़ाई के लिए इन कॉलोनियों में रहते हैं। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों को स्कूल जाने में होती है। कई बार तो छोटे स्कूली वाहन दुघर्टनाग्रस्त भी हो गए हैं। कच्ची सड़क होने के कारण अक्सर इलाके में धूल उड़ती रहती है, जिससे लोगों के सेहत पर काफी असर पड़ रहा है।

लोगों की पीड़ा :

दीघा शिवाजी नगर इलाका काफी पिछड़ा हुआ है। न सड़क है और न ही नाली। समस्या इतनी है कि बता नहीं सकते हैं। सामान्य बारिश होने पर लोग कीचड़ भरी सड़क पर चलने को मजबूर हो जाते हैं। इस इलाके में पांच बडे स्कूल हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग रहते हैं।

- मिथिलेश कुमार

जैसे-जैसे आबादी बढ़ रही है नगर निगम उस हिसाब से सुविधा नहीं दे रहा है। गंगा विहार कॉलोनी हाल के वर्षों में विकसित हुआ है। पदाधिकारी से लेकर सामान्य व्यक्ति भी रह रहे हैं, लेकिन बरसात में सभी को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ता है। जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।

- हरिकिशोर प्रसाद

स्थानीय लोगों की लापरवाही के कारण अब तक इस इलाके में नाला का निर्माण नहीं हुआ। जो खाली प्लांट है, उसमें घरों का पानी गिर रहा है। जिस दिन खाली प्लाट में घर बन जाएगा मुख्य सड़क पर ही पानी गिराना पड़ेगा। नगर निगम के अधिकारी इस इलाके में आते तक नहीं, जबकि नियमित होल्डिंग टैक्स वसूल रहे हैं।

- जीतू कुमार

बहुत गुस्सा तब आता है जब नगर निगम के कर्मचारी टैक्स लेने के लिए पहुंच जाते हैं। सड़क और नाला कब बनेगा इस संबंध में पूछने पर बताते हैं कि यह तो नगर आयुक्त ही बता सकते हैं। समझ में नहीं आता है कि जब निगम सड़क और नाले की सुविधा नहीं दे सकता है तो टैक्स क्यों ले रहा है।

- रितेश कुमार

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।