
वोटर अधिकार यात्रा के समापन मार्च में राजद नेताओं का होगा जमावड़ा
17 अगस्त से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा का समापन सोमवार को पटना में होगा। यह मार्च गांधी मैदान से बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तक पहुंचेगा। राजद ने इस कार्यक्रम की तैयारी की है और पार्टी के...
17 अगस्त से शुरू वोटर अधिकार यात्रा का समापन सोमवार को पटना में होगा। गांधी मैदान से हाईकोर्ट के समीप बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तक समाप्त होने वाले इस मार्च की तैयारी राजद ने पुरजोर तरीके से की है। पटना जिला इकाई ने इस मार्च को लेकर वृहद स्तर पर पोस्टर-बैनर एकत्रित किया है। वीरचंद पटेल पथ से लेकर गांधी मैदान और पटना हाईकोर्ट तक की सड़क को बैनर-पोस्टर से पाट दिया गया है। मार्च में पटना के साथ ही राज्य भर के प्रमुख नेताओं का जुटान होगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में दल के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी भी मार्च में शामिल होंगे।
पार्टी की ओर से इस आशय का पत्र जारी किया गया है। पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के समापन को लेकर पूरी तैयारी है। मार्च में राजद सहित इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस यात्रा का एकमात्र उद्देश्य वोट की चोरी पर लगाम लगाना है। वोटर यात्रा के कारण एनडीए में खलबली मची हुई है। एनडीए असहज महसूस कर रहा है। जबकि बिहार की जनता ने इस यात्रा को सहर्ष स्वीकार किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का संकल्प है कि बिहार से एक भी वोट की चोरी नहीं होने देना है। चुनाव आयोग की चोरी पकड़ी गई। चुनाव आयोग आधार कार्ड मानने से इनकार कर रहा था लेकिन कोर्ट के आदेश पर उसे माना। 65 लाख नाम हटने की सूचना देने से इनकार कर रहा था पर कोर्ट के कारण उसे यह भी सार्वजनिक करना पड़ा। विपक्षी दल जो अपनी आपत्ति प्रकट कर रहा है, उसमें न तो पावती पत्र दिया जा रहा है न उसे स्वीकार किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि एक व्यक्ति का नाम अलग-अलग स्थानों पर न हो। भाजपा पर हमला करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि गुजरात के जिस नेता का नाम बिहार में जोड़ा गया, क्या उन्होंने बिहार में स्थाई आवास बना लिया है। क्या संविधान में यह प्रावधान है कि एक व्यक्ति घूम-घूमकर देश में मतदान करे। हम किसी भी कीमत पर वोट की डकैती बर्दाश्त नहीं करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




