आठ नगर निकायों में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, दावा-आपत्ति शुरू
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय आम एवं उप चुनाव, 2026 के लिए मतदाता सूची का प्रारुप बुधवार को प्रकाशित किया। मतदाता 28 अप्रैल तक अपने नाम और विवरण की जांच कर सकते हैं। नए मतदाता अपने नाम को सूची में जोड़ने, हटाने या सुधारने के लिए आवेदन कर सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची 13 मई 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नगर निकाय आम एवं उप चुनाव, 2026 की तैयारियों के क्रम मतदाता सूची के प्रारुप का प्रकाशन बुधवार को कर दिया गया। इसके साथ ही मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच का अवसर मिलेगा। चुनाव वाले इलाकों में मतदाता 28 अप्रैल तक मतदाता सूची को लेकर अपना दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके साथ ही, नये मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने, हटाने या सुधार का काम करा सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप सूची के प्रकाशन के साथ ही 15 अप्रैल से 28 अप्रैल तक दावा और आपत्ति की प्रक्रिया होगी।
इस दौरान यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है या विवरण में त्रुटि है, तो वह निर्धारित फार्म के माध्यम से आवेदन कर सकेगा। इसके बाद 17 अप्रैल से चार मई तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जायेगा । प्रशासनिक स्तर पर इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है ताकि तय समय सीमा में सभी मामलों का निबटारा हो सके। सूची के अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तीन मई से 12 मई के बीच पूरी की जायेगी। इसके बाद 13 मई 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा। प्रारूप मतदाता सूची को नगर निकाय कार्यालयों, वार्ड स्तर के निर्धारित स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जायेगा। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से भी इसकी जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी ताकि अधिक से अधिक लोग सूची की जांच कर सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


