अयोध्या में आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण हुआ
अयोध्या के अमावा राम मंदिर परिसर में आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण समारोह धूमधाम से हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने समारोह में भाग लिया। साथ ही, पटना में उनकी 76वीं जयंती मनाई गई, जिसमें भजन-कीर्तन और विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अयोध्या स्थित अमावा राम मंदिर परिसर में आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण समारोह श्रद्धा और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रतिमा का अनावरण किया। मौके पर उन्होंने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रनिष्ठा और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत रहा है। मौके पर पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और जमा खान, समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद शाम्भवी, निर्मोही अखाड़ा के संत दिनेन्द्र दास सहित कई लोग मौजूद रहे।पटना में मनाई गई जयंती : समारोह के बाद बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद सदस्य सायण कुणाल ने बताया कि पटना महावीर मंदिर में आचार्य किशोर कुणाल की 76वीं जयंती मनायी गयी।
इस दौरान महावीर मंदिर में भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजन के साथ-साथ 76 किलो का नैवेद्यम प्रसाद वितरित किया गया। जन्मदिन पर जनसेवा संबंधित विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर में स्वादिष्ट दरिद्र नारायण भोज की भी व्यवस्था की गई थी। पंडित गजेन्द्र महाराज और सोनल ठाकुर भजन-कीर्तन के कलाकार थे। दोनों कलाकारों ने भजन सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


