Hindi NewsBihar NewsPatna NewsTragic Drowning at Ganga Two Men Missing During Ritual Bath in Patna
गंगा स्नान के दौरान दीघा के पाटीपुल घाट पर गयाजी के दो लोग डूबे

गंगा स्नान के दौरान दीघा के पाटीपुल घाट पर गयाजी के दो लोग डूबे

संक्षेप:

दीघा के पाटीपुल घाट पर माघ पूर्णिमा के दिन स्नान करते समय गंगा में दो लोग डूब गए। डूबने वालों की पहचान धनंजय कुमार और गार्ड बाबू के रूप में हुई है। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने डूबे लोगों की तलाश की, लेकिन शाम तक उनका पता नहीं चला। सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

Feb 02, 2026 01:01 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

दीघा के पाटीपुल घाट पर रविवार की सुबह स्नान के क्रम में गयाजी के रहनेवाले दो लोग गंगा में डूब गए। दोनों माघ पूर्णिमा पर परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए पटना आए थे। डूबने वालों की पहचान राम लगन यादव के पुत्र धनंजय कुमार (30) और जूदागर यादव के पुत्र गार्ड बाबू उर्फ रविंद्र कुमार (50) के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद दीघा पुलिस और एसडीआएफ की टीम मौके पहुंची। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने पूरे दिन दोनों की गंगा में तलाश की। लेकिन शाम तक उनका पता नहीं चला। दीघा थानेदार ने बताया कि सोमवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गयाजी चाकंद थाना क्षेत्र के पाचू बिगहा गांव निवासी राम लगन यादव का परिवार माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आया था। राम लगन यादव, उनकी की पत्नी कपूरवा देवी, बेटी, बेटा धनंजय कुमार, परिवार की दो महिलाएं और गांव के चार अन्य पड़ोसी रविवार की सुबह चाकंद से पटना जंक्शन पहुंचे थे। जंक्शन से ऑटो से सभी दीघा के पाटीपुल घाट पर गए। सुबह करीब 9:15 बजे सभी गंगा में नहाने उतरे। राम लगन यादव की पत्नी कपूरवा देवी ने बताया कि गंगा नदी में कोई घेराबंदी नहीं थी। किनारा पर ही गहरा पानी था। लिहाजा जैसे ही सभी गंगा में प्रवेश किए उनका छोटा बेटा धनंजय और पड़ोसी गार्ड बाबू गहरे पानी में चले गए और डूब गए। महिला के मुताबिक आसपास नाव पर नाविक मौजूद थे। लेकिन उन्होंने दोनों को बचाने की कोई कोशिश नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर एसडीआरएफ की टीम भी तैनात नहीं थी। ...हमर बेटवा के लौटा द हे गंगा मईया घटना की सूचना के बाद काफी देरी से गाय घाट से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डूबे लोगों की तलाश शुरू की। स्थानीय पुलिस के अलावा यातायात पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। डूबे लोगों की तलाश करने एक महिला पुलिसकर्मी वर्दी में गंगा में उतर गई। इसका वीडियो वायरल है। उधर घटना के बाद साथ आईं महिलाएं बदहवास हो गई। उनके आंसू रुकने के नाम नहीं ले रहे थे। राम लगन का परिवार कार्तिक पूर्णिमा में पाटीपुल घाट पर गंगा स्नान के लिए आया था। स्नान के बाद वे सकुशल वापस गांव लौट गए थे। कपूरवा देवी ...हमर बेटवा के लौटा द हे गंगा मईया कह कर बेहोश हो जा रही थीं। पांच भाइयों में सबसे छोटे धनंजय कुमार राजमिस्त्री का काम करते हैं। पत्नी के अलावा उनकी तीन और पांच वर्ष की दो बेटियां हैं। छह महीने पहले ही उनके बेटे की मौत हो गई थी। गार्ड बाबू मजदूरी करते हैं। पत्नी सहित उनकी सात बेटियां हैं। दोनों परिवार में अकेला कमाने वाले थे। दोनों के गंगा में डूबने की सूचना के बाद उनके गांव में भी मातम छा गया।