
पालीगंज : ट्रक और बाइक की भिड़ंत में पुत्र की मौत, पिता गंभीर
पालीगंज बाजार के पास बाइक और ट्रक की भिड़ंत में 18 वर्षीय नीतीश कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक का पीछा किया और सड़क जाम कर दिया। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
पालीगंज बाजार से हो कर गुजरने वाली सड़क पाली -किन्जर एसएच-69 पर फतेहपुर-शिवपुर गांव के पास बाइक और ट्रक की हुई भिड़ंत में बाइक सवार बहेरिया मसौढ़ी निवासी सत्येंद्र महोतो के 18 वर्षीय बेटे नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं,पीछे बैठे पिता सत्येंद्र महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रहवासियों ने भाग रहे ट्रक का पीछा किया। चालक ग्रामीणों को अपने पीछे आता देख कुछ दूरी पर ट्रक खड़ा कर भाग निकला। उधर आक्रोशित लोगों ने युवक के शव को बीच सड़क पर रखकर प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए आवागमन को बाधित कर दिया।
इससे करीब चार घंटे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप्प रही। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे थे। सड़क से जाम हटाने दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष सुमन कुमार को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। जानकारी मिलने पर पहुंचे नवनिर्वाचित विधायक संदीप सौरभ और प्रतिद्वंदी लोजपा(आर) नेता सुनील कुमार ने लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन लोग मुआवजे की मांग पर आड़े रहे। बाद में बीडीओ पालीगंज की ओर से पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजन को बीस हजार रुपए मिले तब जाकर लोग सड़क से हटे और वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल पालीगंज भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय थाने के बहेरिया निरखपुर निवासी युवक नीतीश कुमार अपने पिता के साथ बाइक से काम के सिलसिले में पालीगंज जा रहा था।अभी वह शिवपुर मोड़ के पास पहुंचा ही था कि वह सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। इसमें युवक की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं, पीछे बैठे पिता का हाथ टूट गया। घटना के बावत थानाध्यक्ष ने बताया कि एसएच-69 पर वाहनों का परिचालन शुरू हो गया है। पुलिस ट्रक को जप्त कर थाने ले आई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




