
ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, एक की मौत
पटना-औरंगाबाद एनएच-139 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में 18 वर्षीय चुन्नू कुमार की मौके पर मौत हो गई और उसका दोस्त मंगल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने हंगामा किया और तीन घंटे तक सड़क जाम कर दी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पटना-औरंगाबाद एनएच-139 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। जिसमें चुन्नू कुमार (18) की मौके पर मौत हो गई। वहीं, उसका दोस्त मंगल कुमार गंभीर रूप से घायल है। घटना पालीगंज के अंकुर गांव के पास शुक्रवार सुबह की है। हादसे से उग्र ग्रामीणों ने टायर जला तीन घंटे तक सड़क जामकर हंगामा किया। अंकुरी महादेव स्थान निवासी सत्येंद्र मोची के पुत्र चुन्नू कुमार अपने गांव के दोस्त मंगल कुमार के साथ बाइक से पालीगंज के लिए निकला था। वह सड़क पर पहुंचा ही था कि तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में चुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा मंगल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पीएचसी में प्राथमिक उपचार के साथ उसे पीएमसीएच भेज दिया गया। हादसे की जानकारी के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर आ गए और हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन को अवरुद्ध कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोग वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। हालांकि सूचना के बाद भी कोई पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सके। करीब तीन घंटे जाम के बाद थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने गांव के प्रबुद्धजनों के सहयोग से लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल पालीगंज भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजनों को सहायता के तौर पर बीडीओ की ओर से पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपए दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




