ड्यूटी जा रही युवती को निगम के हाइवा ने कुचला, मौके पर मौत
बुधवार की सुबह कंकड़बाग थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास स्थित जगनपुरा मोड़ पर नगर निगम के हाइवा ने 30 वर्षीय युवती हिना राज को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हिना एक वाहन शोरूम में काम करती थीं और रोजाना रैपिडो बाइक से ड्यूटी जाती थीं। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है।

कंकड़बाग थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास स्थित जगनपुरा मोड़ के पास बुधवार की सुबह नगर निगम का हाइवा ने एक युवती को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवती पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर निवासी पंकज सिन्हा की पुत्री हिना राज (30) थी। स्थानीय लोगों ने हंगामा भी किया और हाइवा को रोक दिया। इससे पहले कि लोग चालक को पकड़ते वह भाग निकला। घटना बुधवार की सुबह 10 बजे की है।
घटना की जानकारी मिलने बाद बाइपास याातयात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हाइवा को भी जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक हिना राज अनीसाबाद के पास स्थित एक वाहन शोरूम में काम करती थी। प्रतिदिन रैपिडो बाइक से शोरूम जाती थी। बुधवार की सुबह भी वह रैपिडो बाइक से ड्यूटी जा रही थी। इसी दौरान नगर निगम के हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवती बाइक हाइवा की ओर गिरी, जबकि बाइक चालक दूसरी ओर गिर पड़ा।
हिना हाइवा के पहिए के नीचे आ गईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया। दूसरी ओर रैपिडो बाइक चालक भी बाइक लेकर घटनास्थल से चला गया। बाइपास यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हाइवा को जब्त कर लिया गया है। उस रैपिडो बाइक चालक की पहचान कर ली गई है जो हादसे के बाद भाग गया था। मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



