
सड़कों के किनारे खड़े वाहनों पर यातायात पुलिस कल से कार्रवाई करेगी
एक दिसंबर से ट्रैफिक पुलिस नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई शुरू करेगी। सड़क जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए, पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे अपने वाहन सड़कों के किनारे न खड़ा करें। यदि वाहन हटाए नहीं जाते हैं, तो उन्हें क्रेन से उठाया जाएगा और जुर्माना लगाया जाएगा।
एक दिसंबर से सड़कों के किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करेगी। मोटर गैरेज, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और मकानों के बाहर लंबे समय से खडे वाहनों पर कार्रवाई होगी। सड़क जाम की समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस यह अभियान शुरू करेगी। शनिवार को बोरिंग रोड, नेहरू पथ, दीघा-आशियाना रोड, बाइपास, कंकड़बाग, अनीसाबाद आदि इलाके में ट्रैफिक पुलिस की ओर से इस बाबत लोगों को जागरूक किया गया। माइकिंग कर लोगों से आग्रह किया गया कि सड़कों के किनारे वाहन खड़ा नहीं करें। लोगों से अपील की गई है कि रविवार की रात तक अपने-अपने इलाकों से सड़कों के किनारे वाहनों को हटा लें अन्यथा उसे क्रेन से उठा लिया जाएगा।

शहर के सभी गैरेज और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सूची नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयार की जा रही है। खासकर ऐसे इलाकों में जहां अक्सर जाम की समस्या हो रही है। इसमें दीघा आशियाना, राजा बाजार, रूपसपुर- रूकनपुरा, कंकड़बाग, अनीसाबाद, बोरिंग कैनाल रोड, राजापुर पुल से दीघा, बाइपास आदि शामिल है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नगर निगम से सूची मांगी गई है, जहां पार्किंग एरिया चिह्नित किया गया है। हाल ही में ट्रैफिक पुलिस ने शहर के जाम के इलाकों को चिह्नित किया था। इसमें पाया गया था कि सड़कों के किनारे अक्सर वाहनों के खड़े किए और निर्माण सामग्री के रखने के कारण ज्यादातर जाम की स्थिति हो रही है। ऐसे में दोनों स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के पास 80 जेसीबी और डेढ़ सौ से ज्यादा डंपर है जो सड़क किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को जब्त करेंगे। वहीं ट्रैफिक पुलिस नो पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों पर मौके पर जुर्माना करेगी। यदि लंबे समय से वाहन सड़कों के किनारे खड़े हैं तो उसे क्रेन से उठाकर चिह्नित जगह पर ले जाया जाएगा। इसके बाद वाहन मालिक पर नियमानुसार जुर्माना किया जाएगा। ट्रैफिक एसपी वैभव शर्मा का कहना है कि पहले लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। अपील की जा रही है कि सड़क किनारे से वाहनों को हटा लें। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो एक दिसंबर से अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




