शहर के कई मार्गों पर जाम से सरकती रहीं गाड़ियां
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना आगमन के कारण यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन में प्रतिबंध लगाया। इससे शहर के विभिन्न स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, विशेषकर पीर अलीपथ, गांधी मैदान और कदमकुंआ में। शाम चार बजे के बाद यातायात सामान्य हुआ।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में सोमवार को कई रूट पर वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध या मार्ग परिवर्तन किया था। इससे पीर अलीपथ, गांधी मैदान, नेहरू पथ, कदमकुंआ, जगदेव पथ, डीटीओ कार्यालय से फुलवारीशरीफ स्थित टमटम पड़ाव तक जाम की स्थिति रही। इन सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सगुना मोड़ से आने वाले वाहनों को जगदेव पथ से ही डीटीओ कार्यालय की ओर मोड़ दिया जा रहा था। राजापुर पुल से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहनों को आयुक्त कार्यालय के सामने से जेपी गंगा पथ की ओर डायवर्ट किया जा रहा था।
इससे कई सड़कों पर जाम की स्थिति रही। शाम चार बजे इन सड़कों पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। पटना एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों को सुबह 11 बजे से ही रोक दिया जा रहा था। जैसे ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का कारकेड एयरपोर्ट से नेहरू पथ की ओर रवाना हुआ। पीरअली पथ पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया। गांधी मैदान में ज्ञान भवन की ओर एक लेन में कुछ देर के लिए वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। इससे गेट नंबर 10 से छह तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। कदमकुंआ में भी वाहन रूक-रूक कर जाते रहे। पीर अली पथ पर वाहनों का परिचालन बंद होने से हार्डिंग रोड में वाहनों का दबाव अधिक हो गया। इधर चितकोहरा पुल से अनिसाबाद तक जहां-तहां वाहनों की कतारें लगी रहीं। सगुना मोड़ से डाकबंगला रोड की ओर आने वाले वाहनों को जगदेव पथ पर ही रोक दिया जा रहा था, क्योंकि एयरपोर्ट से शेखपुरा तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला आ रहा था इससे वाहनों का परिचालन एक लेन में कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया था। इसी प्रकार जेपी गंगा पथ पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में आने वाले लोगों की भीड़ अधिक रही। ढोल-बाजे के साथ लोग गांधी मैदान की ओर आ रहे थे, जिससे मरीन ड्राइव के एक लेन में जाम रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



