
सत्ता नहीं, सिस्टम बदलना हमारी जिद है : तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना में मतदान करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य सत्ता बदलना नहीं, बल्कि सिस्टम में बदलाव लाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नए बिहार के लिए मतदान करें। पहली बार उनकी पत्नी राजश्री ने भी मतदान किया। तेजस्वी ने युवाओं से मतदान में भाग लेने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने गुरुवार को पटना में सपरिवार मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिर्फ सत्ता बदलना ही हमारा मकसद नहीं, सिस्टम बदलना जिद है। मिलकर हम नया बिहार बनाएंगे। बीस साल बाद बिहार बदलाव को लेकर उत्सुक है। इस चुनाव में पहली बार तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री ने भी मतदान किया। तेजस्वी ने आम लोगों से अपील की है कि वे बदलाव के लिए, नया बिहार बनाने के लिए मतदान करें। विकास के लिए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य एवं विधि-व्यवस्था तथा नौकरी और रोजगार के लिए वोट करिए। उन्होंने कहा कि बिहार को अब बेरोजगारी नहीं चाहिए।

भ्रष्टाचार, शराबबंदी में विफलता, कागज लीक और शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा नहीं चाहिए। किसानों की अनदेखी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, टूटी सड़कें और गड्ढों का शासन, बिजली-पानी की किल्लत नहीं चाहिए। युवा अवसरों की कमी, सरकारी नौकरी में देरी और घोटाले, महिला सुरक्षा की अनदेखी, झूठे वादे और खोखली योजनाएं, बीस साल की नाकामी, दिन पर दिन बढ़ती महंगाई, ब्लॉक तहसील में घूसखोरी, खेत घरों को ध्वस्त करती बाढ़, युवाओं पर पुलिस की लाठी और सरकारी नौकरी में दिक्कत अब बिहार को नहीं चाहिए। हम बिहारवासी ही बिहार बदलेंगे। बिहार की नियति क्या होगी, यह मतदान पर निर्भर करता है। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं (जेन-जी) से अपील करते हुए तेजस्वी ने कहा कि मतदान जरूर करें। बिहार का हाल खुशहाल तभी होगा जब सभी अपने मतों का प्रयोग करेंगे। बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने मत का प्रयोग जरूर करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




