नीतीश का राज्यसभा जाना जनता के साथ धोखा : तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ओबीसी, अतिपिछड़ा और दलितों को आगे बढ़ने नहीं देना चाहती। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि नीतीश को भाजपा ने हाईजैक कर लिया है और यह जनता के साथ धोखा है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर भाजपा पर हमला बोला है। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड के बाहर पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि हमारी पूरी सहानुभूति नीतीश कुमार के साथ है। हम पहले से ही कहते रहे हैं कि चुनाव में नीतीश कुमार को दूल्हा बनाया है, लेकिन फेरा किसी और के साथ होगा। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती है कि कोई ओबीसी, अतिपिछड़ा, दलित या सामाजिक न्याय के लोग आगे बढ़े। चुनाव में नारा दिया था कि 2025 से 30, फिर से नीतीश।
अब क्या हुआ। यह जनता के साथ धोखा है। मगर सीएम को इतना प्रताड़ित किया गया कि उनको इस्तीफा देना पड़ा। भाजपा ने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है। यह बात अब साबित हो चुकी है। जो जनभावना है, वह सत्ता परिवर्तन के खिलाफ है। यह सबको पता था कि भाजपा ऐसा करेगी। भाजपा अपने सहयोगियों को खत्म करती रही है। जम्मू, तामिलनाडु, महाराष्ट्र आदि राज्य इसका उदाहरण है। दरअसल भाजपा आरएसएस का एजेंडा लागू करना चाहती है। मशीन तंत्र के बल पर भाजपा ने बिहार चुनाव जीता। बिहार की जनता सब देख रही है। नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। अगर हमारे साथ होते तो ऐसा दिन उनको नहीं देखना पड़ता। वे सेहतमंद रहें। 20 साल जो उन्होंने बिहार की सेवा की है, उसके लिए हम धन्यवाद देते हैं। एक सवाल के जवाब में कहा कि कौन लोग हैं जो ऐसा कर रहे हैं, यह सभी जानते हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जो भाजपा के साथ मिलकर जदयू को खत्म करना चाहते हैं। ऐसे लोग केंद्र से लेकर बिहार में हैं। तेजस्वी ने कहा कि सीएम के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आएं, उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का जो सीएम होगा, वह रबर स्टाम्प होगा। ओडिशा, मध्यप्रदेश में ऐसे सीएम का चयन हुआ जो ओबीसी के हैं लेकिन वे रबर स्टाम्प हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


