
सात माह बाद राबड़ी आवास पहुंचे तेजप्रताप, मां के जन्मदिन पर केक काटा
तेजप्रताप यादव ने सात महीने बाद मां राबड़ी देवी के 67वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने केक काटा और सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया, जिसमें मां को परिवार की आत्मा बताया। राबड़ी की आंखों में खुशी के आंसू थे। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं।
जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव सात माह बाद गुरुवार को राबड़ी आवास पहुंचे। मां राबड़ी देवी को 67वें जन्मदिन की बधाई दी। मां के साथ केक काटा और सोशल मीडिया पर फोटो के साथ अपनी भावना व्यक्त की। साल के पहले दिन की दोपहर में शुभकामना देने पहुंचे बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव को देख राबड़ी की आंखें नम हो गईं। तेजप्रताप लगभग एक घंटा यहां रहे। राबड़ी ने उन्हीं का लाया केक काटा। पार्टी और परिवार से दोबारा नाता जोड़ने की सीख दी। भाव-विह्वल हुए तेजप्रताप ने एक्स पर लिखा कि मां परिवार की आत्मा हैं और कठिन समय में भी उनके साथ खड़ी रहीं।
हम धन्य हैं, क्योंकि हमारे पास आप हैं। दरअसल मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद दिल्ली में सांसद पुत्री मीसा भारती के बंगले पर हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ यूरोप के भ्रमण पर हैं। हालांकि, मोबाइल पर राबड़ी को पहली शुभकामना लालू ने ही दी। दोपहर बाद से प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद व प्रदेश महासचिव भाई अरुण सहित पार्टी नेताओं ने बुके देकर शुभकामना दी। बधाई देने वालों में शक्ति सिंह यादव, आभा लता, बल्ली यादव, गणेश यादव, सरदार रणजीत सिंह, इकबाल अहमद और प्रेम गुप्ता भी शामिल हैं। तेजप्रताप ने किया भावुक पोस्ट सोशल मीडिया एक्स पर तेजप्रताप ने मां के साथ केक काटते हुए फोटो लगा कर लिखा कि आप हमारे परिवार की आत्मा हैं। हर हंसी, हर प्रार्थना, हर पल, जो घर जैसा लगता है, आप ही की देन है। यह जीवन जो हम जी रहे हैं-गर्मजोशी से भरा, अपूर्ण, प्रेम से परिपूर्ण-आपके कारण ही संभव है। आपने तब भी इसे संभाला, जब हमें यह भी नहीं पता था कि संभालना क्या होता है। आप मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। आपने बिना किसी शर्त के दिया, बिना किसी बंधन के प्यार किया, और तब भी मजबूती से खड़ी रहीं जब किसी ने नहीं देखा कि यह कितना बोझिल था। कहते हैं कि जब ईश्वर हर जगह नहीं हो सकता, तब वह मां को भेजता है। और हम सभी असीम रूप से धन्य हैं, क्योंकि हमारे पास आप हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




