शिक्षक नियुक्ति के लिए सभी जिलों से रिक्ति नहीं मिली
बिहार के स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सभी जिलों से रिक्ति नहीं मिल पाई है। शिक्षा विभाग को 30 जिलों से रिक्ति मिली है जबकि आठ जिलों से अभी तक रिक्ति मिलना बाकी है। टीआरई 4 परीक्षा की तारीख तय नहीं हो पा रही है और सभी जिलों से रिक्ति जनवरी में मिलने की संभावना है।

स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सभी जिलों से रिक्ति नहीं मिल सकी है। अबतक 30 जिलों ने ही रिक्ति भेजी है। शिक्षा विभाग को आठ जिलों से रिक्ति मिलना बाकी है। शिक्षा विभाग पिछले लगभग छह माह से कक्षा एक से 12 तक के शिक्षकों की रिक्ति मांग रहा है। लेकिन रिक्ति मिलने में देरी हो रही है। अबतक पश्चिम चंपारण, सीवान, मधेपुरा, अररिया, कटिहार और शेखपुरा सहित आठ जिलों से रिक्ति मिलना शेष है। सोमवार तक पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर सहित 30 जिलों की रिक्ति मिली है। सभी जिलों से रिक्ति नहीं आने से विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई 4) आयोजन की तिथि तय नहीं हो पा रही है।
संभावना है कि सभी जिलों से रिक्ति जनवरी के शुरू में मिल सकेगी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग से आरक्षण रोस्टर क्लियरेंस फाइनल होगा। रोस्टर क्लियर होने के बाद रिक्ति बीपीएससी को जाएगी। इसके बाद बीपीएससी विज्ञापन का प्रारूप तैयार कर वैकेंसी जारी करेगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेन्दर खुद लगातार जिलों से शिक्षकों की रिक्ति देने के लिए हिदायत दे रहे हैं। इसके बाद भी सभी जिलों से रिक्ति नहीं मिल सकी है। शिक्षा विभाग का अनुमान है कि राज्य में 78 हजार प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों के लगभग 25 से 27 हजार की रिक्ति आयेगी। टीआरई 4 से बिहार के युवाओं के लिए 85 फीसदी सीटें आरक्षित टीआरई 4 में पहली बार व्यवस्था होगी कि राज्य के युवाओं के लिए लगभग 85 फीसदी सीटें रिजर्व रहेंगी। 15 फीसदी सीटों पर ही दूसरे राज्य के निवासी और बिहार के निवासी जिनकी मैट्रिक और इंटर की डिग्री दूसरे राज्यों की है, को अवसर मिलेगा। डोमिसाइल लागू होने से बिहार के युवाओं को शिक्षक बनने का अधिक मौका मिलेगा। कक्षा पांच तक के लिए शिक्षक भर्ती में 50 प्रतिशत और अन्य कोटि में 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सिर्फ बिहार की महिला अभ्यर्थियों को ही मिलेगा। पहले तीन चरणों में उत्तरप्रदेश और झारखंड सहित अन्य राज्यों से महिला अभ्यर्थी काफी संख्या में नियुक्त हो गई हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




