टीबी की दवाएं मिलने लगी, 30 दिनों की मिल रही खुराक
टीबी के मरीजों के लिए राहत की खबर है। दो साल बाद टीबी की दवा फिर से उपलब्ध हो गई है, जो पूरी तरह नि:शुल्क है। अब मरीजों को 30 दिनों की खुराक एक साथ मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने गोदाम में दवाओं की आपूर्ति की है, जिससे पहले की कमी दूर हो गई है।

टीबी के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। दो साल से बंद टीबी की दवा फिर से मिलने लगी है। यह पूरी तरह नि:शुल्क है। स्वास्थ्य विभाग के सरकारी गोदाम में दवाओं की आपूर्ति कर दी गयी है। इसका असर होगा कि अब मरीजों को सात नहीं, बल्कि 30 दिनों की खुराक एकसाथ मिलेगी। पहले दवाओं की कमी के चलते पांच या अधिकतम सात दिन का ही डोज दिया जा रहा था, लेकिन दवा की सप्लाई होने से अब 30 दिनों की दवा दी जा रही है। इसकी जानकारी स्टेट टीबी ऑफिस स्वास्थ्य विभाग के ऑफिसर डॉ. बीके मिश्रा ने दी।
उन्होंने बताया कि कोविड काल के दौरान केंद्र की ओर से सप्लाई होने वाली दवाओं का स्टॉक भारी मात्रा में बच गया था। इस कारण नयी दवाएं बनाने पर रोक लगा दी गई थी। वहीं कोविड खत्म होने के बाद दवाओं की खपत बढ़ने लगी, इस बीच अधिकतर दवाएं एक्सपायर भी हो गई। इसका नतीजा हुआ कि दवाओं की सप्लाई रुक गयी और पटना सहित पूरे बिहार में दवाओं का स्टॉक कम हो गया। इससे पीएचसी, सीएचसी व अनुमंडलीय अस्पतालों में दवाएं लगभग खत्म हो गयी थीं, जिसको देखते हुए 30 के बदले सात दिन की दवाएं ही डॉक्टर लिखते थे। उन्होंने बताया कि कोविड की परेशानियों के चलते टीबी की दवाएं नहीं बन पा रही थीं, लेकिन अब परेशानी खत्म हो गयी है। लंबे समय बाद अब दवाओं की पूरी सप्लाई कर दी गयी है। जहां-जहां दवाएं खत्म थीं, वहां पर तेजी से सप्लाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


