ईंट भट्ठों के टैक्स स्लैब की समीक्षा होगी
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने ईंट-भट्ठों पर लगने वाले टैक्स स्लैब की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने पर्यावरणीय स्वीकृतियों में देरी और जल संसाधन विभाग से पत्राचार सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया। राज्य में पत्थर खनिज संसाधनों से राजस्व वृद्धि और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

राज्य के ईंट-भट्ठों पर लगने वाले टैक्स स्लैब की समीक्षा होगी। उपमुख्यमंत्री सह खान एवं भूतत्व मंत्री विजय सिन्हा ने इसको लेकर पड़ोसी राज्यों के कर ढांचे का अध्ययन कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी लक्ष्यों को आगामी 20 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही अन्वेषण निदेशालय के गठन का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री ने पर्यावरणीय स्वीकृतियों में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पर्यावरण विभाग एवं बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद में लंबित सभी मामलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभाग के साथ बैठक करने के निर्देश दिये।
साथ ही नदियों में नई संरचना निर्माण में सभी नियमों एवं प्रवधानों को पालन करने के लिए जल संसाधन विभाग से आवश्यक पत्राचार सुनिश्चित करने को कहा गया। राज्य में उपलब्ध पत्थर खनिज संसाधन से राजस्व की वृद्धि तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी विभागीय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से कराई जाए। बैठक में विभाग के सचिव दिवेश सेहरा, निदेशक विनोद दूहन आदि थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


