राज्य के 12 जिलों के पान किसान आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे : रामकृपाल
राज्य के बारह जिलों के पान किसान कृषि विभाग की पान विकास योजना के तहत तकनीकी रूप से दक्ष होंगे। इससे पान की उत्पादकता में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। कृषि मंत्री ने बताया कि इस योजना के लिए आवेदन 20 मार्च से शुरू होंगे और लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी से किया जाएगा।

राज्य के बारह जिलों के पान किसान तकनीकी रूप से दक्ष होंगे। कृषि विभाग ने इन जिलों के किसानों के लिए पान विकास योजना शुरू की है। इसके तहत तकनीक की मदद से क्षेत्र विस्तार कर किसानों की आय बढ़ाई जाएगी। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चतुर्थ कृषि रोडमैप के तहत किसानों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाएगा। मगही और देसी पान का रकबा विस्तार किया जाएगा। इससे पान की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। जिन जिलों के किसानों को फायदा होगा, उसमें औरंगाबाद, गया, शेखपुरा, वैशाली, नालंदा, नवादा, सारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मुंगेर एवं दरभंगा शामिल है।
यहां के किसानों और एफपीसी सदस्यों को 100 वर्गमीटर क्षेत्र के लिए प्रति किसान 11,750 रुपये अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए 20 मार्च से आवेदन शुरू है। आवेदन 20 अप्रैल तक किए जाएंगे। लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


