राज्य के छह जिले में आधुनिक बस डिपो बनेगा
राज्य सरकार ने पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया में 62 करोड़ 83 लाख की लागत से आधुनिक बस डिपो बनाने का निर्णय लिया है। यह प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत होगा। नए डिपो से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और रखरखाव बेहतर होगा, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।

राज्य में इलेक्ट्रिक बस सेवा को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने छह प्रमुख शहरों में आधुनिक बस डिपो के निर्माण का फैसला लिया है। परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया में 62 करोड़ 83 लाख की लागत से सरकारी डिपो बनाए जाएंगे। यह कार्य प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत किया जा रहा है। डिपो का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा होगा। इसके बनने से ई-बसों का संचालन, रखरखाव और चार्जिंग सुविधा में सुधार होगा। साथ ही ड्राइवर-कंडक्टरों को बेहतर आराम की व्यवस्था मिलेगी। हरेक डिपो में प्रशासनिक भवन, कार्यशाला, बस धुलाई रैंप, एकसाथ कई बसों की पार्किंग क्षमता, चार्जिंग स्टेशन के अलावा, पावर बैकअप मौजूद होगा।
सार्वजनिक शौचालय, लगभग 2 मीटर ऊंची सीमा दीवार व फीडिंग रूम भी होगा। मुजफ्फरपुर में टर्मिनल सह सार्वजनिक प्रतीक्षालय क्षेत्र, शेड, सड़क, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म व गार्ड रूम तो गया में सड़क, पेवर ब्लॉक, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, दुकान, टर्मिनल व ई-बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण होगा। भागलपुर में पेवर ब्लॉक, सड़क, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, सीमा दीवार, गार्ड रूम, टर्मिनल और ई-बस स्टेशन पर शेड तो पूर्णिया में टर्मिनल सह सार्वजनिक प्रतीक्षालय क्षेत्र, शेड, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म जबकि दरभंगा में शेड, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, गार्ड रूम, सीमा दीवार का निर्माण होगा। मंत्री ने कहा कि ये आधुनिक डिपो इलेक्ट्रिक बसों के सुरक्षित संचालन, बेहतर रखरखाव, यात्रियों की सुविधा और चालक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



