
बागवानी आय वृद्धि और रोजगार की बन रही आधार : रामकृपाल
राज्य सरकार बागवानी को आय-वृद्धि, रोजगार और ग्रामीण उद्यमिता का आधार बना रही है। कृषि मंत्री ने बागवानी महोत्सव में 1500 किसानों की भागीदारी और 20 लाख रुपये के कारोबार की जानकारी दी। उत्कृष्ट उत्पादों के लिए किसानों को पुरस्कार भी दिए गए। महोत्सव में 7696 उत्पादों का प्रदर्शन हुआ।
राज्य सरकार बागवानी को आय-वृद्धि, रोजगार और ग्रामीण उद्यमिता का आधार बना रही है। इसके लिए उत्पादन से विपणन तक पूरी वैल्यू-चेन पर कार्य किया जा रहा है। मधु और मखाना जैसे विशिष्ट क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने गांधी मैदान में चल रहे बागवानी महोत्सव के समापन के अवसर पर रविवार को ये बातें कही। उन्होंने कहा कि तीन दिनों के दौरान करीब 20 लाख रुपये का कारोबार हुआ। 1500 किसानों ने शहद, मखाना, रोपण सामग्री एवं कृषि उत्पादों की बिक्री की। यह आयोजन केवल प्रदर्शनी या विक्रय का मंच न रहकर नवाचार, आधुनिक तकनीक और किसान-समृद्धि का सशक्त संगम बना।
समापन के अवसर पर कृषि मंत्री ने उत्कृष्ट बागवानी उत्पादों के लिए किसानों को सम्मानित किया। किसानों में वैशाली के राजेश कुमार को 88 हजार, भागलपुर की कुमारी रिंकू को 86 हजार और वैशाली की रागिनी देवी को 57 हजार रुपये दिए गए। कुल 92 प्रदर्शों को प्रथम पुरस्कार, 88 को द्वितीय पुरस्कार एवं 89 को तृतीय पुरस्कार मिला। प्रथम पुरस्कार के रूप में 04 लाख 60 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 03 लाख 52 हजार, एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 02 लाख 67 हजार रुपये चयनित प्रदर्शों को दिए गए। तीन लाख रुपये का पुरस्कार प्राप्त कर भागलपुर जिला प्रथम, दो लाख 22 हजार के साथ वैशाली दूसरे और 67 हजार रुपये का पुरस्कार पाकर पूर्णिया जिला तीसरे स्थान पर रहा। महोत्सव में कुल 807 कृषकों के द्वारा फल, फूल, सब्जी, औषधीय एवं सगंधीय पौधे आदि के 7696 उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में दानापुर की रिया प्रथम, मुहम्मदी से अक्शा और पटना के रवि कुमार तीसरे स्थान पर रहे। मौके पर प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, किसान चाची राजकुमारी देवी, किसान आयोग अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, विशेष सचिव बीरेन्द्र प्रसाद यादव, शैलेन्द्र कुमार, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




