विशेष टीम गठित कर शहर के सभी नालों की कराई जाएगी जांच

Feb 12, 2026 08:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

जिला प्रशासन ने पटना में जलजमाव की समस्या को रोकने के लिए शहर के नालों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। यह टीम प्रमुख नालों समेत सभी नालों की स्थिति की जांच करेगी और रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। अतिक्रमण हटाने और नाला उड़ाही की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष टीम गठित कर शहर के सभी नालों की कराई जाएगी जांच

जिला प्रशासन द्वारा शहर के नालों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। इसमें अलग-अलग विभागों के अधिकारी और अभियंता शामिल होंगे। यह टीम नौ प्रमुख नालों समेत सभी छोटे बड़े नालों, बादशाही पईन समेत अन्य बहाव क्षेत्रों की जांच करेगी। इसमें नालों का बहाव, नाला उड़ाही, जलनिकासी के साधन, नालों पर अतिक्रमण, सम्प हाउसों की तैयारी आदि की जांच कर रिपोर्ट डीएम को देगी। ये बातें डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहीं। पूर्व के वर्षों में भी जिला प्रशासन द्वारा इस तरह के संयुक्त टीम का गठन कर नालों की जांच कराई जाती थी। पिछले सप्ताह एक बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त ने अलग-अलग विभागों की टीम बनाकर निरीक्षण करने का सुझाव दिया था।

टीम में जिला प्रशासन, पटना नगर निगम, बुडको, बिजली, सड़क, जल संसाधन, आदि विभागों के पदाधिकारी शामिल रहेंगे। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि अतिवृष्टि की स्थिति में भी पटना में जलजमाव की समस्या ना हो, इसके लिए मॉनसून पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में पटना के प्रमुख नाले, जिसमें बादशाही नाला, सर्पेन्टाईन नाला, आशियाना-दीघा नाला, नंदलाल छपरा नाला, बाकरगंज नाला, सैदपुर नाला, मंदिरी नाला, ब्रहोत्तर नाला समेत अन्य नालों पर अतिक्रमण एवं नाला उड़ाही की स्थिति की जांच की जा रही है। सभी नालों को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बादशाही नाला और नंदलाल छपरा नाले के बहाव क्षेत्र को अतिक्रमित कर किए गए निर्माण को भी हटाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जलजमाव रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी नाला अतिक्रमित न हो, यह सुनिश्चित करें। संयुक्त विशेष टीम द्वारा मुख्य नालों, मैनहॉल एवं कैचपिट की सफाई का सत्यापन भी कराया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।