पूर्व आईपीएस शिवदीप लांडे ने बनाई राजनीतिक पार्टी ‘हिन्द सेना
भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी शिवदीप लांडे ने 'हिन्द सेना' नामक राजनीतिक दल की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लांडे का...

भारतीय पुलिस सेवा के चर्चित अधिकारी रहे शिवदीप लांडे अब राजनीति के मैदान में किस्मत आजमाएंगे। उन्होंने मंगलवार को ‘हिन्द सेना नाम से राजनीतिक दल बनाने की घोषणा की। मंगलवार को पटना के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि वह हिन्द सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बीते एक महीने में मैंने बिहार के अलग-अलग जिलों का भ्रमण किया है। समाज के सभी तबकों से मुलाकात की है। युवा, महिला और बुजुर्ग से बात कर उनकी परेशानियों को समझा है। आजादी के 75 वर्ष बाद भी बिहार के दूरदराज क्षेत्र में बुनियादी सुविधा नहीं पहुंची है। जमुई के सिकंदरा प्रखंड में आज भी पानी की किल्लत है। रोहतास के 40 गांवों के लोग हर वर्ष अपने पशुओं को लेकर गांव छोड़ दूसरे जगह जाने को मजबूर हैं। लोग अब भी अपनी पसंद के कपड़े तक नहीं खरीद सकते, रोटी की व्यवस्था नहीं कर सकते।
शिवदीप लांडे ने कहा कि व्यवस्था में बदलाव लोकतंत्र में चुनाव जीत कर ही लाया जा सकता है। पुलिस और सेना के जवान की ही तरह हमारी पार्टी का कार्यकर्ता आम आदमी के एजेंडा के लिए लड़ेगा। सकारात्मक बदलाव लाएगा। प्रदेश के युवा बदलाव चाहते हैं। कई राजनीतिक दलों ने मुझे कई तरह के ऑफर दिये। इसमें राज्यसभा जाने से लेकर मुख्यमंत्री के फेस बनने तक का प्रस्ताव शामिल था। मगर मैं बिहार में बदलाव के संकल्प के साथ नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने का फैसला लिया। पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी के तीन मूल सिद्धांत होंगे। इसमें मानवता, न्याय और सेवा शामिल है। मेरी पार्टी के लोगो में तीन लकीर हैं और उसका लोगो खाकी रंग का रखा गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।