औचक निरीक्षण में निजी आईटीआई में मिली खामियां, कार्रवाई होगी
समस्तीपुर और बेगूसराय के पांच निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में गंभीर खामियां पाई गई हैं। जांच में प्रशिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों की कमी, मानक मशीनों और उपकरणों का अभाव, और नियमों का उल्लंघन सामने आया है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग इन संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

राज्य में चल रहे निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में कई खामियां उजागर हुई है। समस्तीपुर और बेगूसराय के पांच आईटीआई में हुई जांच में अधिकारियों ने कई खामियां पकड़ी है। इन संस्थानों में मानक के अनुसार न तो प्रशिक्षक थे और नहीं प्रशिक्षणार्थी। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग अब इन संस्थानों पर आवश्यक कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पांच-छह मई को अलग-अलग गठित दो सदस्यीय टीम ने समस्तीपुर और बेगूसराय के पांच निजी आईटीआई संस्थानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर के आदित्य राज निजी आईटीआई, आरएन निजी आईटीआई और सुशीला ठाकुर निजी आईटीआई का जायजा लिया गया।
इसमें आरएन निजी आईटीआई बंद पाया गया। आदित्य राज और सुशीला ठाकुर आईटीआई में एक भी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित नहीं थे। प्रशिक्षकों की उपस्थिति भी मानक से कम पाई गई, जो प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है। इन दोनों संस्थानों में मानक के अनुरूप मशीन और उपकरण भी नहीं पाये गये।बेगूसराय में सुन्दरी प्यारी निजी आईटीआई और दीक्षांत निजी आईटीआई का निरीक्षण किया गया। इन संस्थानों में संतोषजनक नहीं पाई गई। सुन्दरी प्यारी आईटीआई और दीक्षांत आईटीआई में भी प्रशिक्षणार्थी एवं प्रशिक्षकों की संख्या कम पाई गई। इन दोनों संस्थानों में मशीन एवं उपकरण मानक के अनुरूप नहीं पाए गये। जांच के क्रम में यह भी पाया गया कि नियमों की अनदेखी करते हुए दीक्षांत आईटीआई में एक निजी विद्यालय का संचालन भी किया जा रहा है। जांच के बाद इन पांचों संस्थानों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


