
राजद ने 32 गायकों को नोटिस भेज जवाब मांगा
राजद ने चुनाव से पहले पार्टी और नेताओं का नाम लेकर गाने गाने वाले 32 गायकों को नोटिस भेजा है। पार्टी ने कहा है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन गायकों पर भाजपा से संबंध रखने का आरोप है और इन्हें सामाजिक न्याय को बदनाम करने का दोषी ठहराया गया है।
राजद के साथ ही दल के नेता को केंद्रित कर गाना गाने वाले 32 गायकों को पार्टी की ओर से नोटिस भेजा गया है। पार्टी ने पूछा है कि क्यों नहीं आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर पार्टी इन गायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से भी परहेज नहीं करेगी। पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि चुनाव के पहले राजद को बदनाम करने के लिए कई गीत बाजार में जान-बूझकर लॉन्च किए गए। पार्टी या दल के नेताओं का नाम लेकर गाना बनाए गए। इनमें से अधिकतर ऐसे गायक हैं, जिनका भाजपा से सीधा संबंध है।

इससे न केवल राजद बल्कि नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की भी बदनामी हुई। इन गायकों ने सामाजिक न्याय को बदनाम करने की साजिश रची। पार्टी का मानना है कि बिना अनुमति राजद, लालू प्रसाद या तेजस्वी यादव का नाम लेकर गाना गाया गया है तो वह मानहानि के दायरे में आएगा। पार्टी की पहचान माने जाने वाले झंडे, चिह्न या नारों का प्रयोग मनोरंजन सामग्री, रील्स या गानों में किया जाना अवैध माना जाएगा। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जो भी कलाकार इसका उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और मानहानि का मुकदमा भी किया जाएगा। फिलहाल गायकों से जवाब मांगा गया है। इसके बाद कानूनी कार्रवाई करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




