रास चुनाव लड़ेगा राजद, आज उम्मीदवार पर मंथन

Feb 28, 2026 07:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

राजद ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया है, जिसमें तेजस्वी यादव और अन्य पार्टी नेता शामिल होंगे। तेजस्वी यादव के चुनाव लड़ने की चर्चा तेज है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इससे इनकार किया है।

रास चुनाव लड़ेगा राजद, आज उम्मीदवार पर मंथन

राज्यसभा चुनाव में राजद ने उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीते दिनों इसके संकेत भी दे दिए थे। उम्मीदवारों के चयन को लेकर राजद ने रविवार को राज्य और केन्द्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड में होने वाली बैठक की अध्यक्षता पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद करेंगे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और दल के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। शाम सात बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में राज्यसभा के लिए उम्मीदवार चयन करने पर मंथन होगा।

पार्टी नेताओं के अनुसार संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद को अधिकृत कर दिया जाएगा। तेजस्वी का नाम जोरों पर : शनिवार को राजनीतिक हलके में अचानक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के रास चुनाव लड़ने का मुद्दा गरमा गया। हालांकि, पार्टी के तमाम वरीय नेताओं ने इससे साफ इनकार किया है। पार्टी नेताओं के अनुसार स्पष्ट बहुमत नहीं होने के कारण तेजस्वी इस जोखिम को नहीं उठाएंगे। वैसे भी वे नेता प्रतिपक्ष हैं और पार्टी को बिहार में अभी जमीनी स्तर पर मजबूत करने की जिम्मेवारी भी उनकी ही है। ऐसे में वे दिल्ली की राजनीति में शिफ्ट हों, इसकी संभावना कम है। जिन दो सदस्यों अमरेन्द्रधारी सिंह और प्रेम गुप्ता का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उसमें से किसी एक को ही उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। दो या पांच मार्च को राजद के नेता नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।