पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि को विधायक दिखाएंगे कि किसे वोट किया

Mar 15, 2026 08:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

राज्यसभा चुनाव में हर विधायक मतदान के बाद पार्टी प्रतिनिधि को वोट दिखाएंगे। मतदान सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम 4 बजे तक चलेगा। परिणाम एक घंटे बाद घोषित होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए विधायकों से मुलाकात की और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। एक सीट पर जीत के लिए 41 पहले वरीयता वोट आवश्यक हैं।

पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि को विधायक दिखाएंगे कि किसे वोट किया

राज्यसभा चुनाव में हर विधायक वोट करने के बाद अपनी पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि को दिखाएंगे कि उन्होंने किस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। इसके बाद ही मतदान वैध माना जाएगा। मतदान कक्ष में हर पार्टी के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे। मतदान की तैयारियां विधानसभा के द्वारा पूरी कर ली गईं हैं। मतदान की प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू होगी और शाम चार बजे तक चलेगी। पांच बजे से मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके अगले एक घंटे के बाद परिणाम आने के आसार हैं। पहली वरीयता के आधार पर जीत का फैसला नहीं होगा तो दूसरी वरीयता के वोट की गिनती शुरू होगी।

दूसरी वरीयता के वोट की गिनती सिर्फ उस सीट के लिए होगी, जिस पर फैसला प्रथम वरीयता के आधार पर नहीं हो सका है। पहली वरीयता के 41 वोट एक सीट पर जीत के लिए आवश्यक है। मतपत्र पर विधायक अपने पसंद के उम्मीदवार के नाम के आगे एक, दो और तीन लिखेंगे। एक का मतलब हुआ उस उम्मीदवार के पक्ष में वह विधायक पहली वरीयता का वोट दे रहा है। वहीं, दूसरी और तीसरी पसंद के नाम के आगे वह विधायक दो और तीन लिखेंगे। मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल आदि को ले जाने की इजाजत विधायकों को नहीं होगी। मतदान कक्ष में रखी बैगनी स्कैच पेन का उपयोग ही विधायकों को मदतान में करना है। किसी और पेन से मतदान करने की इजाजत नहीं होगी।विधायकों से मिले मुख्यमंत्री : एनडीए विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट वहां रुके। इस दौरान वह एनडीए के सभी दलों के विधायकों से मिले। वरिष्ठ नेताओं से राज्यसभा चुनाव की तैयारी की जानकारी ली। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर शाम में एनडीए विधायकों की बैठक हुई थी। बैठक में सभी दलों के प्रमुख नेताओं ने अपनी बातें कहीं। कौन-कौन विधायक किस उम्मीदवार को वोट करेंगे, यह तय कर दिया गया है। बैठक के बाद मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को लेकर सभी विधायकों को फिर से पूरी जानकारी दे दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।