ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाबिहार में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं : प्रधान सचिव

बिहार में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं : प्रधान सचिव

जलसंसाधन विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा है कि राज्य में बाढ़ की स्थिति नहीं है। हफ्तेभर बिहार के दक्षिण भाग और झारखंड में हुई बारिश के बाद फल्गू एवं दरधा नदी में पानी बढ़ने से इसकी सहायक...

बिहार में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं : प्रधान सचिव
हिन्दुस्तान टीम,पटनाWed, 09 Aug 2017 07:59 PM
ऐप पर पढ़ें

जलसंसाधन विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा है कि राज्य में बाढ़ की स्थिति नहीं है। हफ्तेभर बिहार के दक्षिण भाग और झारखंड में हुई बारिश के बाद फल्गू एवं दरधा नदी में पानी बढ़ने से इसकी सहायक नदियों- धोवा, मोरहरई महतमाइन और लोकाइन का जलस्तर बढ़ गया। इससे फतुहा के सिरपतपुर में 6 अगस्त की रात ओवरटापिंग से धोवा पर बाएं ग्रामीण बांध में लगभग 10 मीटर का कटाव हो गया। इसे विभाग ने तुरंत कार्रवाई कर बंद कर दिया। इसका मजबूतीकरण भी कर लिया गया है। श्री सिंह ने बुधवार को यहां विभागीय सभागार में बुलाई गई प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि विभाग के मंत्री, वह और अभियंता प्रमुख ने नालंदा, जहानाबाद, गया और औरंगाबाद का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल बिहार में बाढ़ की विभिषिका जैसी कोई स्थिति नहीं है। कुछ नदियों में पानी बढ़ने से कहीं-कहीं चौर आदि में जल-जमाव हो गया है। गांवों के घरों में पानी घुसने की नौबत नहीं आई है। आबादी और संपत्ति प्रभावित नहीं हुई है। ग्रामीण बांध की भी मरम्मत कराई गई है। फतुहा में सीताचक में क्षतिग्रस्त बांध की मरम्मत चल रही है। श्री सिंह ने कहा कि पुनपुन, कमलाबालान, बागमती जैसे तीन-चार नदियों को छोड़ दें तो लगभग सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं। गंगा का जलस्तर भी 91 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि विभाग फ्लड फाइटिंग कार्य की तैयारी कर चुका है। राज्य में 374 जमींदारी बांध विभाग के स्वामित्व में हैं। इनकी ऊंचीकरण और मजबूतीकरण का काम कराया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा प्रमुख नदियों पर कुछ अतिरिक्त बांध का निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर अभियंता प्रमुख राजेश कुमार, मुख्य अभियंता अंजनी कुमार सिंह, और अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र शंकर मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें